रावी में मिंजर प्रवाहित करने के साथ ऐतिहासिक मिंजर मेला संपन्न

Sunday, Jul 30, 2017 - 10:15 PM (IST)

चम्बा: 8 दिवसीय ऐतिहासिक मिंजर मेला रविवार को धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मिंजर मेला की समापन शोभायात्रा में बतौर मुख्यातिथि भाग लेते हुए रावी नदी में मिंजर को प्रवाहित किया। मिंजर के पारंपरिक झंडे व निशानों की अगुवाई में अखंड चंडी पैलेस से यह शोभायात्रा मंजरी गार्डन के लिए निकली। इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री को अंखड चंडी पैलेस में पहुंचने पर चम्बयाली पगड़ी पहनाई गई। इसके साथ ही शोभायात्रा प्रबंधन उपसमिति द्वारा अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों को पगड़ी पहनाई गई। शोभायात्रा में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, पंजाब कांग्रेस प्रभारी व डल्हौजी विधायक आशा कुमारी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज, जिला मार्कीट कमेटी अध्यक्ष नीरज नैयर, विनित विज व मनोनीत पार्षद हरदीप सिंह सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों  ने भाग लिया। 



विदेशी मेहमानों ने भी लिया भाग
शोभायात्रा में जिला तथा बाहरी राज्यों के साथ विदेशी मेहमानों ने भी भाग लिया। अखंड चंडी पैलेस से लेकर मंजरी गार्डन तक सड़क के दोनों किनारों पर लोग हजारों की संख्या में घंटों तक इस शोभायात्रा को देखने के लिए खड़े रहे। पिछले रविवार को ऐतिहासिक मिंजर मेला का शुभारंभ हुआ था जोकि 8 दिनों तक पूरे हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। मिंजर मेला आयोजन समिति ने सभी वर्गों की रुचि को ध्यान में रखते हुए सांस्कृतिक संध्याओं के साथ अन्य कार्यक्रमों को आयोजित किया। इस ऐतिहासिक मेले का समापन प्राचीन लोक परंपरा के अनुसार मिंजर को रावी में प्रवाहित करने के साथ हो गया।