ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में 50 पेड़ों पर चलेगी आरी

Sunday, Sep 16, 2018 - 01:28 PM (IST)

कुल्लू: ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में 50 पेड़ों पर आरी चलेगी। खतरा बने इन पेड़ों को काटने का निर्णय लिया गया है। अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के मद्देनजर भी इन पेड़ों को काटना जरूरी माना जा रहा है। एस.डी.एम. की अध्यक्षता वाली कमेटी ने मंजूरी के लिए फाइल डी.सी. कुल्लू को भेजी है। इस कमेटी में वन विभाग व अन्य महकमों के अधिकारी भी शामिल हैं। ढालपुर मैदान में खतरा बने 50 पेड़ों में 6 देवदार के पेड़ शामिल हैं। अन्य पेड़ सफेदा, पापुलर व अन्य प्रजातियों के हैं। इन पेड़ों को गिराकर लकड़ी को नीलाम भी किया जा सकता है।

देवदार की लकड़ी को वन निगम के डिपो या अन्य सरकारी स्टोर में जमा करवाया जा सकता है। पिछले दिनों भी ढालपुर मैदान में तेज हवाओं के चलते एक राहगीर के ऊपर पेड़ की टहनी टूटकर गिरी थी, जिससे उसकी क्षेत्रीय अस्पताल में मौत हो गई थी। कई बार राहगीर इस प्रकार टहनियां गिरने से जख्मी भी हुए हैं। अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में एक दिन में ढालपुर मैदान में 70,000 से 1 लाख तक लोग एकत्रित होते हैं, ऐसे में खतरा बने पेड़ों को हटाना जरूरी हो गया था। इसलिए इन पेड़ों को काटने का फैसला लिया गया है। इनमें कुछ पेड़ सूखे हुए भी हैं। 

Ekta