हिमुडा में कर्मचारियों को राहत, जानिए कितने % जारी होगी DA किस्त

Saturday, May 27, 2017 - 09:22 AM (IST)

शिमला: हिमुडा ने ई.पी.एफ. के दायरे में आने वाले कर्मचारियों को पैंशन का लाभ देने का निर्णय लिया है। इसके दायरे में वे कर्मचारी आएंगे जिनका 1 अप्रैल, 2017 तक ई.पी.एफ. कट रहा था। यहां पहले कुछ कर्मचारी पैंशन के दायरे में आ चुके हैं तथा छूटे हुए कर्मचारियों को शामिल करने का निर्णय लिया गया है। शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा की अध्यक्षता में हुई हिमुडा निदेशक मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में कर्मचारियों को डी.ए. की 3 फीसदी किस्त जारी करने का निर्णय भी लिया गया। इसी तरह डी.ए. अब 127 फीसदी से बढ़कर 130 फीसदी हो गया है। इसके साथ ही अनुबंध पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों की ग्रेड-पे में 25 फीसदी बढ़ौतरी की गई है।  


डिफाल्टरों के मामलों को सशर्त निपटाने पर भी सहमति
ग्रेड-पे में यह बढ़ौतरी राज्य सरकार में अनुबंध पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों की तर्ज पर की गई है। बैठक में वर्ष 2017-18 के लिए 137.10 करोड़ के बजट अनुमानों को भी पारित किया गया। बैठक में विभिन्न स्थानों पर हिमुडा की आवासीय कालोनी के निर्माण संबंधी निर्णय भी लिए गए। इसमें कसुम्पटी के छबरोटी, शिमला के फ्लावरडेल और हमीरपुर में आवासीय निर्माण किया जाना शामिल है। इसके लिए बजट का प्रावधान भी कर दिया गया है। बैठक में डिफाल्टरों के मामलों को सशर्त निपटाने पर भी सहमति बनी। इसके तहत ऐसे लोगों को कुछ वित्तीय अदायगी करनी होगी। इसी तरह आगामी 3 साल के लिए व्यावसायिक पानी की दरें 92 रुपए प्रति हजार किलोलीटर निर्धारित की गईं। निदेशक मंडल ने परमाणु में तहबाजारियों को बसाने के लिए भूमि हस्तांतरण का फैसला लिया है।