हिमाचली बेटे ने रोशन किया देवभूमि का नाम, नौसेना में बना सब लैफ्टिनैंट

Saturday, May 26, 2018 - 06:29 PM (IST)

मंडी: मंडी जिला के भांवला पंचायत के बतैल गांव के प्रीतम सिंह ने भारतीय नौसेना अकादमी एझिमाला (आई.एन.ए.) से 94वें बैच में अकादमी कोर्स का प्रशिक्षण पूरा कर कमीशंड सब लैफ्टिनैंट पद पर नियुक्त होकर प्रदेश व जिला का नाम रोशन किया है। केरल के जिला कन्नूर में एशिया की सबसे बड़ी नौसेना अकादमी में शनिवार को आयोजित पासिंग आऊट परेड (पी.ओ.पी.) में उन्होंने कमीशंड सब लैफ्टिनैंट (नेवी) का मुकाम हासिल किया।


केंद्रीय विद्यालय कोलबा से शुरू हुआ शिक्षा का सफर
प्रीतम की प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय कोलबा (मुंबई) से और आगे की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय सैक्टर-47 चंडीगढ़ से हुई। पिता ज्ञान चंद स्वयं नौसेना से अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं व माता सुनीता देवी गृहिणी हैं और 3 बहनों में प्रीतम सबसे छोटे हैं। सबसे बड़ी बहन एम.बी.ए. पास है, दूसरी बहन चंडीगढ़ में ही एयरफोर्स स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है जबकि सबसे छोटी बहन चंडीगढ़ से सी.ए. कर रही है। इस मौके पर बहन अनीता व किरण भी मौजूद रहीं।


बचपन से ही रहा होनहार व मेहनती
प्रीतम के ताया के लड़के राजेश वर्मा ने बताया कि प्रीतम बचपन से ही होनहार व मेहनती रहा है। सरकाघाट के विधायक इंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ जिला व सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के लिए यह गर्व की बात है। पंचायत प्रधान, उपप्रधान रत्न चंद व समाजसेवी सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों ने भी इस कामयाबी पर परिवार को बधाई दी है।  

 

Vijay