हिमाचली गबरू ने इंडोनेशिया में बरसाए मुक्के, कांस्य पदक पर जमाया कब्जा

Saturday, Feb 17, 2018 - 07:53 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित हुई 18वीं एशियाई बॉक्सिंग खेलों में भारतीय मुक्केबाजों ने 10 मैडल झटके हैं, जिनमें से 5 स्वर्ण, 1 रजत और 4 कांस्य पदक इस प्रतियोगिता में हासिल किए हैं। भारतीय मुक्केबाजों ने विश्व के पटल पर भारत की धाक बनाई है। खास बात यह भी है कि इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के आशीष चौधरी ने भी हिस्सा लिया और कांस्य पदक जीता है। आशीष चौधरी सुंदरनगर के धनोटू का रहने वाला है। आशीष के पिता भगत राम और माता दुर्गा देवी के अलावा एक छोटी बहन भी है। पिता खेतीबाड़ी का काम करते हैं जबकि माता गृहिणी हैं। आशीष ने स्थानीय पाठशाला से जमा दो की पढ़ाई की है और एम.एल.एस.एम. कालेज सुंदरनगर से स्नातक पास है। 

नैशनल बॉक्सिंग चैंपियनशीप में जीता गोल्ड मैडल
आशीष ने वर्ष 2015 में केरल में आयोजित नैशनल बॉक्सिंग चैंपियनशीप में गोल्ड मैडल जीता है। इसके अलावा युक्रेन में भी 2 बार देश की ओर से प्रतिनिधित्व कर चुका है। वर्तमान में आशीष तहसील कल्याण अधिकारी के पद पर सेवारत है। यह कांस्य पदक आशीष ने 75 किलो भार वर्ग में जीता है। इस प्रतियोगिता में देश के करीब 10 खिलाड़ियों में से 7 पुरुष वर्ग में और महिला वर्ग से 3 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 

इन खिलाड़ियों ने जीते मैडल
इसके अलावा शैम ने 49 किलो भार वर्ग में गोल्ड, सैल्मन ने 52 किलो भार वर्ग में गोल्ड, मनीष ने 60 किलो भार वर्ग में गोल्ड, आशीष ने 64 किलो भार वर्ग में गोल्ड, महिला वर्ग में शशि चोपड़ा ने 51 किलो भार वर्ग में रजत, पावित्रा ने 60 किलो भार वर्ग में गोल्ड, ईतस खान ने 56 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है जबकि आशीष चौधरी ने 75 किलो भार वर्ग में कांस्य, पवन कुमार ने 69 किलो भार वर्ग कांस्य, रीतु गरेवाल ने 51 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है।