हिमाचल की बेटी ने बढ़ाया मान, विभिन्न देशों में देगी विश्व शांति का संदेश

Tuesday, Jul 03, 2018 - 08:32 PM (IST)

शाहतलाई: ऋषिकेश गांव से संबंध रखने वाली नेहा चौधरी विश्व शांति का संदेश देंगी। नेहा भारत की ओर से विभिन्न देशों में जाकर विश्व शांति का अलख जगाएंगी। बिलासपुर जिला के छोटे से गांव से संबंध रखने वाली नेहा चौधरी लगातार नए आयाम स्थापित कर रही हैं। अनेक उपलब्धियां हासिल करने के उपरांत अब नेहा ने विश्व शांति का संदेश देने का जिम्मा संभाला है। फैशन व मॉडल की दुनिया में कदम रखने के साथ ही नेहा दुनिया में विश्व शांति को लेकर कार्य करेंगी।


दिल्ली में आयोजित समारोह में सौंपी जिम्मेदारी
नेहा चौधरी को दिल्ली में आयोजित एक समारोह में इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पेरिस से भारत पहुंचीं इंटरनैशनल मॉडल युनिक रोश ने नेहा को सम्मानित करने के बाद उन्हें भारत की ओर से विश्व शांति का संदेश देने के लिए नियुक्त किया है, वहीं नेहा चौधरी जिम्मेदारी मिलने के बाद बेहद खुश हैैं। उनका मानना है कि आज दुनिया उन्हीं लोगों की वजह से बची हुई है जो विश्व शांति के पक्षधर हैं। अगर ऐसा नहीं होता तो दुनिया के कुछ देशों ने ऐसे हथियार बना रखे हैं, जिनसे दुनिया समाप्त होने में चंद मिनट ही लगेंगे। उन्होंने कहा कि विश्व शांति का अलख जगाने की जिम्मेदारी मिलने के बाद वह बेहद खुश हैं। विश्व शांति के लिए राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर विश्व शांति का अलख जगाएंगी।


ज्ल्द ही जाएंगी यूरोप व अमरीका  
नेहा ने बताया कि इस संबंध में वह जल्द ही यूरोप व अमरीका में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। नेहा का कहना है कि विश्व शांति पूरी पृथ्वी में अहिंसा स्थापित करने का एक विचार है। उन्होंने कहा कि विश्व शांति तभी हासिल की जा सकती है जब संसाधनों को लेकर संघर्ष नहीं हो। विश्व शांति का संदेश देने के लिए चयनित नेहा चौधरी ने काफी खिताब अपने नाम किए हैं। नेहा ने मिस ग्लोरी ऑफ  इंडिया, मिस अखंड भारत, मिस नमो इंडिया व मिस ग्लोरी ऑफ  वल्र्ड खिताब हासिल कर अपना, अपने माता-पिता, जिला तथा प्रदेश का नाम रोशन किया है।

Vijay