हिमाचल को मिलेंगी 30 इलैक्ट्रिक बसें, आधे घंटे में चार्ज होगी बैटरी

Sunday, Oct 14, 2018 - 12:43 PM (IST)

शिमला (जय): हिमाचल सरकार द्वारा कम कीमत में अधिक मुनाफा कमाने वाली बसों की खरीद का सपना अब जल्द पूरा होगा। पर्यावरण मित्र इलैक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए निगम प्रबंधन ने ऑर्डर जारी कर दिए हैं। इस बार खरीदी जाने वाली बसें जहां पूर्व में खरीदी गई बसों की आधी कीमत से भी कम हैं। इन बसों की खास बात यह है कि जहां पहले खरीदी गई बसें एक बार चार्जिंग के लिए साढ़े 3 से 4 घंटे लेती हैं, वहीं पर अब खरीदी जानी वाली बसें आधे घंटे में पूरी चार्ज होंगी। ये बसें मैसर्ज पी.एम.आई. इलैक्ट्रो मोबिलिटी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड से खरीदी जाएंगी। 

ये बसें फोटोन तकनीकी से बनी होंगी, वहीं भारत सरकार से मान्यता प्राप्त एजैंसी से ये बसें खरीदी जाएंगी। जहां पूर्व सरकार के समय 30 सीटर बसें 1 करोड़ 92 लाख रुपए की खरीदी गई थीं, वहीं पर अब 30 सीटर इन बसों की कीमत 76 लाख 97 हजार 922 रुपए होगी। इन बसों की डिलीवरी 5 से 6 महीनों के भीतर करनी होगी। प्रदेश सहित देश भर में पहला ऐसा मौका है जब इतनी कम कीमत पर 30 सीटर बसों की खरीद की जा रही है। जहां 30 बसों की खरीद को लेकर निगम प्रबंधन ने टैंडर जारी कर दिए हैं, वहीं पर 20 बसों की खरीद को लेकर बात नहीं बनने पर फिर से टैंडर जारी किए जाएंगे।  

शिमला के हिसाब से बनेंगी बसें
निगम प्रबंधन ने इन बसों की खरीद के लिए राजधानी शिमला हिल एरिया की कैपेसिटी को देखते हुए ऑर्डर जारी किया है। इन बसों की मैन्युफैक्चरिंग पहाड़ों के हिसाब से की जाएगी ताकि कहीं भी इन बसों का संचालन आसानी के साथ किया जा सके। 

Ekta