हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम! सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, इस दिन तक बारिश-बर्फबारी के आसार
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 02:35 PM (IST)
Himachal Weather Update : हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से जारी भारी बारिश और बर्फबारी के दौर पर शनिवार को विराम लग गया। पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने से चटक धूप खिली, जिससे अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस बदलाव से लोगों को कड़ाके की ठंड से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग ने सोमवार से फिर से मौसम बिगड़ने का पूर्वानुमान जताया है।
पश्चिमी विक्षोभ फिर होगा सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, रविवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर हल्के हिमपात और बारिश के आसार हैं, जबकि सोमवार से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसके तहत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। वहीं, 24 और 25 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे जनजीवन सामान्य होगा। लेकिन, 26 मार्च को फिर राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश/ बर्फबारी होने की संभावना है।
तापमान में उछाल से जनजीवन को गति
शनिवार को धूप खिलने से सड़कों पर जमी बर्फ पिघलने लगी है और बंद पड़े कई संपर्क मार्गों को खोलने के काम में तेजी आई है। शिमला, मनाली और डलहौजी जैसे पर्यटन केंद्रों में भी पर्यटकों ने सुहावने मौसम का आनंद लिया। स्थानीय बाजारों में रौनक लौट आई है और किसान-बागवान भी अपने कार्यों में जुट गए हैं।

