हिमाचल में मतदान आज, 412 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 55.92 लाख मतदाता

Saturday, Nov 12, 2022 - 12:09 AM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश की जनता शनिवार यानी 12 नवम्बर को अपनी सरकार चुनेगी। प्रदेश में इस बार वर्तमान सरकार का राज बदलेगा या फिर रिवाज यानि फिर से वर्तमान सरकार सत्ता में लौटेगी उसका फैसला प्रदेश की जनता मतदान कर करेगी। बता दें कि इस बार 412 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमाने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू होगा जो शाम 5 बजे तक चलेगा। पारदर्शी व निष्पक्ष चुनावों के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ लगती सीमाओं से लेकर बूथ स्तर पर पहरे को कड़ा किया गया है। सीमाओं पर चप्पे-चप्पे पर केंद्रीय पुलिस बल व प्रदेश पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है तथा हर आने-जाने वाले वाहन पर नजर रखी जा रही है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में 18 से 19 आयु वर्ग के 1.93 लाख युवा पहली बार मतदान करेंगे। प्रदेश में कुल 5592828 मतदाता हैं, जिनमें 2737845 महिलाएं, 2854945 पुरुष तथा 38 थर्ड जैंडर हैं। राज्य में दिव्यांगजन मतदाताओं की संख्या 56501 है।

3950 पोलिंग बूथों पर वैब कास्टिंग  
प्रदेश में मतदान केंद्रों पर नजर रखने तथा लाइव मतदान प्रक्रिया देखने के लिए इस बार राज्य में कुल 7884 मतदान केंद्रों में से 3950 पोलिंग बूथों पर वैब कास्टिंग की जाएगी। इसके अलावा राज्य में 902 संवेदनशील तथा 378 अति संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 

मौसम नहीं डालेगा बाधा
प्रदेश में मतदान में मौसम बाधा नहीं डालेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 12 नवम्बर को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा तथा धूप खिलेगी। वहीं मतदान से एक दिन पहले शुक्रवार को भी प्रदेशभर में मौसम साफ रहा तथा धूप खिली। 

भाजपा-कांग्रेस के इन नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का गृह राज्य है। इसके अलावा सीएम जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहितउनके मंत्रिमंडल सहयोगियों की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। वहीं कांग्रेस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, प्रदेश कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। 

पहली बार कांग्रेस-भाजपा को आप की चुनौती 
प्रदेश विधानसभा चुनावों में इस बार पारंपरिक राजनीतिक दलों कांग्रेस व भाजपा को आम आदमी पार्टी की चुनौती मिल रही है। आम आदमी पार्टी  ने इस बार चुनावी मैदान में 67 सीटों पर अपने प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे हैं।   

हिमाचल में देश का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र टशीगंग
हिमाचल में देश का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र टशीगंग है, जो समुद्र तल से 15256 फुट की ऊंचाई पर है। यहां पर वोटरों की कुल संख्या 52 है। इसी तरह राज्य में समुद्र तल से न्यूनतम ऊंचाई वाला मतदान केंद्र धुसाड़ा है, जो समुद्र तल से 300 फुट की ऊंचाई पर है। यहां पर कुल मतदाताओं की संख्या 894 है। वहीं भरमौर के चस्क भटौरी मतदान केंद्र पर पहुंचने के लिए पोलिंग पार्टियों को 14 किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ता है। यहां पर कुल मतदाता 93 हैं। राज्य में सबसे अधिक मतदाता सुलह में तथा सबसे कम मतदाता लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र में हैं। 

कांग्रेस के 22 तथा भाजपा के 19 बागी मैदान
विधानसभा के चुनावी समर के दौरान सूबे में 26 दिन तक चले प्रचार में प्रत्याशियों ने खूब वायदे किए, जुबानी जंग भी खूब हुई। इस बार आम आदमी पार्टी भी तीसरे विकल्प के रूप में मैदान में हैं। बागियों के नफे-नुक्सान पर भी सबकी निगाह है। इस बार कांग्रेस के 22 तथा भाजपा के 19 बागी हैं। अब 12 नवम्बर को राजनीतिक दलों के साथ मतदाता के रूप में आपकी भी परीक्षा है। तो वोट जरूर कीजिए, ईमानदार और सही उम्मीदवार को चुनिए। जाति, धर्म, प्रलोभनों से ऊपर उठकर वोट कीजिए। याद रखिए, आपका एक वोट अगले 5 साल प्रदेश की दिशा व दशा तय करेगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay