जीएसटी और मार्किट फीस के विरुद्ध लामबंद हुए हिमाचल के व्यापारी

Friday, Feb 12, 2021 - 12:34 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा दोबारा से मार्किट फीस लागू करने और जीएसटी के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश के व्यापारी लामबंद होना शुरू हो गए है। हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष सोमेश शर्मा ने ऊना में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार से मार्किट फीस के फैसले को वापिस लेने और जीएसटी का सरलीकरण करने की मांग उठाई है। व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनकी मांगे पूरी न हुई तो अखिल भारतीय व्यापारी ट्रेडर्स यूनियन द्वारा 26 फरवरी को भारत बंद का हिमाचल प्रदेश व्यापर मंडल समर्थन करेगा। 

हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल द्वारा आज ऊना में पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकारवार्ता को हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष सोमेश शर्मा ने संबोधित किया। सोमेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा 2019 में मार्किट फीस को खत्म कर दिया था लेकिन अब सरकार द्वारा दोबारा से मार्किट फीस लागू कर दी है। उन्होंने कहा कि मार्किट फीस के लागू होने से व्यापारियों के साथ साथ ग्राहकों पर बोझ बढ़ेगा और इससे महंगाई होगी। वहीँ सोमेश ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 4 सालों के दौरान जीएसटी में 937 संशोधन किया जा चुके है बाबजूद इसके भी जीएसटी व्यापारियों, अधिकारीयों और जनता की समझ से परे है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को व्यापारियों से वार्ता कर जीएसटी का सरलीकरण करना चाहिए। सोमेश ने कहा कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं होती है तो मजबूरन हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल को अखिल भारतीय व्यापारी ट्रेडर्स यूनियन के 26 फरवरी को भारत बंद का समर्थन करना पड़ेगा।
 

Content Writer

prashant sharma