ऊना: पर्यटन के रूप में विकसित होगा अंदरौली, RS Bali ने की 10 करोड़ रुपए देने की घोषणा

Monday, Jan 08, 2024 - 12:23 AM (IST)

बंगाणा (शर्मा): ऊना जिला के तहत कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर लाया जाएगा। यह बात रविवार को हिमाचल पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन आरएस बाली ने कुटलैहड़ क्षेत्र के प्रख्यात धार्मिक स्थल बाबा गरीब नाथ मंदिर अंदरौली में हिमाचल एडवैंचर स्पोर्ट्स मेला के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने अंदरौली को पर्यटन के तौर पर विकसित करने के लिए 10 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गाेबिंद सागर झील में शिकारा और हाऊस बोट चलाए जाएंगे। शिकारा के अंदर कैफे और रूम की सुविधा उपलब्ध होगी। इस पर्यटन स्थल पर जैटी की सुविधा भी होगी, जिस पर पूरा फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में काफी खूबसूरत पर्यटन स्थल हैं, उनमें कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र का अंदरौली भी शामिल है, यहां पर पर्यटन को विकसित किया जाएगा।

आरएस बाली ने कहा कि प्रदेश में बाहरी राज्यों तथा विदेशों से भी काफी संख्या में पर्यटक आते हैं, ऐसे में सरकार पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऊना जिले के कुटलैहड़ क्षेत्र के अंदरौली में पंजाब और चंडीगढ़ से करीब 2 घंटे में पहुंचा जा सकता है। उन्होंने अंदरौली में वाटर स्पोर्ट्स एक्टीविटीज के लिए परमिशन देने के लिए बीबीएमबी का धन्यवाद  किया। उन्हाेंने कहा कि कुटलैहड के विधायक देवेंद्र भुट्‌टो ने भी विधानसभा क्षेत्र में टूरिज्म को बढ़ावा के लिए काफी रुचि दिखाई है। क्षेत्र में पर्यटकों की आमद बढ़ने से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे।

आरएस बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में आगे ले जाने की है। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्‌टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन को विकसित करने के लिए प्राचीन स्थलों को उभारा जाएगा। इस मौके पर एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर, एसडीएम बंगाणा मनोज कुमार, एसडीएम अम्ब विवेक महाजन, एटीडीओ रवि धीमान, कुटलैहड़ कांग्रेस के अध्यक्ष रामआसरा शर्मा व सुरेंद्र ठाकुर सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay