UAE ने हिमाचल में निवेश को दिखाई रुचि, राज्य में फिर बढ़ सकते हैं सीमैंट के दाम, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Wednesday, Mar 05, 2025 - 09:36 PM (IST)

हिमाचल डैस्क: राज्य में हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम साफ हो गया, लेकिन जनजातीय क्षेत्रों में अब भी मुश्किलें बनी हुई हैं। अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव बुधवार दोपहर बाद राज देवता माधोराय की अगुवाई में अंतिम जलेब के साथ संपन्न हो गया। भारत में संयुक्त अरब अमीरात के राजदूत डाॅ. अब्दुलनासिर अलशाली ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट कर प्रदेश में निवेश के संभावित अवसरों पर विचार-विमर्श किया। हिमाचल प्रदेश में सीमेंट के दाम एक बार फिर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। शिमला के चक्कर में प्रसिद्ध साईं मंदिर में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। देश की पहली एपीआई, ग्रीन हाईड्रोजन और एथेनॉल सुविधा के लिए प्रदेश सरकार ने मैमोरंडम ऑफ कमिटमैंट (एमओसी) साइन किया है। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के आरोपों के चलते नगरोटा सूरियां ब्लॉक की ग्राम पंचायत सकरी की प्रधान को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। भारतीय राज्य पैंशनर्ज महासंघ ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शिमला में धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
Himachal Weather: मनाली-केलांग सड़क पर हिमस्खलन, इस दिन से बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम साफ हो गया, लेकिन जनजातीय क्षेत्रों में अब भी मुश्किलें बनी हुई हैं। हाल ही में हुई बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ी इलाकों में स्थिति नाजुक हो गई है। कई स्थानों पर हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिससे प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। बुधवार सुबह मनाली-केलांग सड़क पर मूलिंग पुल के पास हिमस्खलन हुआ, जिसके बाद भारतीय सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम ने हिमखंड हटाने का काम शुरू कर दिया।
राज देवता माधोराय की अंतिम जलेब के साथ अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव संपन्न
अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव बुधवार दोपहर बाद राज देवता माधोराय की अगुवाई में अंतिम जलेब के साथ संपन्न हो गया। राज देवता माधोराय के मंदिर से दोपहर बाद शुरू हुई जलेब में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी उपस्थित रहीं।
UAE ने हिमाचल में निवेश को दिखाई रुचि, पर्यटन और हरित ऊर्जा क्षेत्र में रहेगा फोकस
भारत में संयुक्त अरब अमीरात के राजदूत डाॅ. अब्दुलनासिर अलशाली ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट कर प्रदेश में निवेश के संभावित अवसरों पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने यूएई को पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार, हरित ऊर्जा, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण और डाटा स्टोरेज जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया।
एक बार फिर बढ़ सकते हैं सीमेंट के दाम, आम जनता सहित बिल्डर्स और ठेकेदार भी होंगे प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में सीमेंट के दाम एक बार फिर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। आगामी दिनों में सीमेंट की कीमत में 5 रुपये प्रति बैग की वृद्धि हो सकती है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश के लोगों को महंगे दामों पर सीमेंट खरीदना पड़ेगा। पिछले दो वर्षों के दौरान सीमेंट के दामों में पहले ही 50 रुपये प्रति बैग तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
शिमला के साईं बाबा मंदिर में चोरी, चांदी का छतर, सिंहासन व मुकुट ले उड़े चोर, घटना CCTV में कैद
शिमला के चक्कर में प्रसिद्ध साईं मंदिर में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। शातिर चोरों ने मंदिर में घुसकर साईं बाबा के सिंहासन, आशीर्वाद मुकुट, चांदी का छतर और साईं कुर्सी के किनारों का सामान चुराकर 1 किलो से अधिक चांदी चुरा लिया। यह चोरी 3 मार्च की रात को की गई, और चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया।
राज्य में 1400 करोड़ का होगा निवेश, 1000 युवाओं को मिलेगा रोजगार, सरकार ने साइन किया MoC
देश की पहली एपीआई, ग्रीन हाईड्रोजन और एथेनॉल सुविधा के लिए प्रदेश सरकार ने मैमोरंडम ऑफ कमिटमैंट (एमओसी) साइन किया है, जिससे राज्य में 1400 करोड़ का निवेश होगा और 1000 युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के आरोप में सकरी पंचायत प्रधान बर्खास्त, DC कांगड़ा ने की कार्रवाई
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के आरोपों के चलते नगरोटा सूरियां ब्लॉक की ग्राम पंचायत सकरी की प्रधान को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। डीसी कांगड़ा हेम राज बैरवा ने पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 131 (2) के तहत यह कार्रवाई की। पंचायत का कार्यभार अब उपप्रधान को सौंपा गया है।
शिमला में सरकार के खिलाफ गरजे पैंशनर्ज, मेडिकल बिल पर श्वेत पत्र जारी करने की उठाई मांग
भारतीय राज्य पैंशनर्ज महासंघ ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शिमला में धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया। चौड़ा मैदान स्थित अंबेदकर चौक में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेशभर से पैंशनर्ज ने भाग लिया।
2 महिला तस्करों को दिल्ली एयरपोर्ट से दबोच लाई हिमाचल पुलिस, कनाडा भागने की थी तैयारी
हिमाचल पुलिस ने नशा तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कनाडा भागने की फिराक में चिट्टा तस्करों को जिला कांगड़ा पुलिस दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ कर लाई है। जानकारी के अनुसार 21 जनवरी 2025 की रात को पुलिस थाना धर्मशाला की टीम गश्त पर थी कि इस दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली।
भंजराड़ू बस स्टैंड के समीप सड़क के बीच पलटी निजी बस, खाई में गिरने से बाल-बाल बची
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। घटना भंजराड़ू बस स्टैंड के पास उस समय हुई जब एक निजी बस, जो टाड़ा जा रही थी, सड़क के बीचोंबीच पलट गई। बस में करीब आठ सवारियां सवार थीं।