पुलिस विभाग में 54 कर्मचारियों का तबादला, एम्स बिलासपुर में जाली पर्चियों के खेल का भंडाफोड़, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Feb 06, 2025 - 06:39 PM (IST)

हिमाचल डैस्क: राज्य में मौसम ने करवट ली है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अमेरिका द्वारा भारतीय प्रवासियों के डिपोर्ट के तरीके पर नाराजगी जताते हुए सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने 54 कर्मचारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। हमीरपुर जिला के भोरंज थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एम्स बिलासपुर में एक मेडिकल स्टाेर के कर्मी द्वारा जाली पर्चियां तैयार करने का भंडाफोड़ वहां पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने किया है। बिजली बोर्ड इन दिनों उपभोक्ताओं के बिजली मीटरों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में जुटा हुआ है, जिसे सरकार ने 15 फरवरी तक पूरा करने की समय सीमा तय की है। शिमला पुलिस की चिट्टा माफिया के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने उत्तर भारत के नामी एवं नाइजीरिया से जुड़े गैंग शाह सिंडिकेट के 10 और गुर्गे गिरफ्तार किए हैं। नशे के बढ़ते मामलों के बीच कांगड़ा जिला में 4 और नशा तस्कर पकड़े गए हैं। चुराह वन मंडल सलूणी ने अवैध लकड़ी की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया है। वन विभाग ज्वालाजी की टीम ने एक आल्टो गाड़ी में खैर की लकड़ी की तस्करी कर रहे 2 लोगों को पकड़ा है। पंजाब के होशियारपुर का एक युवक घुमारवीं शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में एक निजी गैस्ट हाऊस में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

Himachal Weather: इस दिन से मौसम बदलेगा करवट, 71 मार्गों पर यातायात प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी और बारिश हुई है। बुधवार को शिमला सहित छह जिलों में हिमपात हुआ, जबकि मैदानी क्षेत्रों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। वर्षा और हिमपात से किसानों और बागबानों को राहत मिली है। 

अमेरिका से भारतीय प्रवासियों के हथकड़ी में निर्वासन पर फूटा विक्रमादित्य सिंह का गुस्सा, सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अमेरिका द्वारा भारतीय प्रवासियों के डिपोर्ट के तरीके पर नाराजगी जताते हुए सवाल खड़े किए हैं, साथ ही केंद्र सरकार के विश्व गुरु के दावों पर भी सवाल उठाए हैं। अपने सोशल मीडिया पेज पर उन्होंने अमेरिका के भारतीय प्रवासियों के निर्वासन के तरीके को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।

पुलिस विभाग में 54 कर्मचारियों का तबादला, 34 को पुलिस जिला बद्दी भेजा
प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने 54 कर्मचारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इसके तहत विभिन्न रिजर्व बटालियन से 34 कर्मचारियों की पुलिस जिला बद्दी के लिए ट्रांसफर हुई है, साथ ही 20 कर्मचारियों की अन्य जिलों व बटालियनों में ट्रांसफर की गई है।

1.50 लाख रुपए देकर ब्याह लाया दुल्हन, शादी के 4 दिन बाद ही गहने लेकर हो गई फरार
हमीरपुर जिला के भोरंज थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गरसाहड़ पंचायत के साही गांव निवासी युवक जितेश शर्मा से शादी करवाने के बहाने 1.50 लाख रुपए ठग लिए गए और शादी के कुछ दिन बाद ही उसकी दुल्हन गहने लेकर फरार हो गई।

एम्स बिलासपुर में जाली पर्चियों के खेल का भंडाफोड़, सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ा मेडिकल स्टोर का कर्मचारी
एम्स बिलासपुर में एक मेडिकल स्टाेर के कर्मी द्वारा जाली पर्चियां तैयार करने का भंडाफोड़ वहां पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने किया है। संबंधित कर्मी चहेतों को जाली पर्ची बनाकर देता था, ताकि संबंधित व्यक्ति लाइन में लगने से बच सके और जल्द चिकित्सक के पास दिखा सके। बताया जा रहा है कि एम्स में यह फर्जीवाड़ा काफी दिनों से चल रहा था। 

सावधान! इस तारीख तक बिजली मीटर की E-KYC नहीं करवाई तो हो सकता है बड़ा नुक्सान
बिजली बोर्ड इन दिनों उपभोक्ताओं के बिजली मीटरों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में जुटा हुआ है, जिसे सरकार ने 15 फरवरी तक पूरा करने की समय सीमा तय की है। हालांकि, अभी भी कई उपभोक्ताओं के मीटर की ई-केवाईसी नहीं हो पाई है, जिसके कारण उन्हें कई लाभों से वंचित रहना पड़ सकता है।

उत्तर भारत के नामी व नाइजीरिया से जुड़े गैंग शाह सिंडिकेट के 10 और गुर्गे गिरफ्तार
शिमला पुलिस की चिट्टा माफिया के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने उत्तर भारत के नामी एवं नाइजीरिया से जुड़े गैंग शाह सिंडिकेट के 10 और गुर्गे गिरफ्तार किए हैं। पुलिस द्वारा इस सिंडिकेट के मुख्य सरगना सहित अब तक 26 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है, जबकि 200 संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चिट्टे और चरस के साथ 4 युवक गिरफ्तार
नशे के बढ़ते मामलों के बीच कांगड़ा जिला में 4 और नशा तस्कर पकड़े गए हैं। दोनों घटनाएं जिला के नगरोटा सूरियां व नगरोटा बगवां की हैं। पहले मामले में नगरोटा सूरियां के गूहण में ईंट भट्ठे के पास पंजाब के 2 युवकों से पुलिस ने 15.70 ग्राम चिट्टा बरामद किया।

वन विभाग की टीम ने देवदार के पेड़ काटते SPO सहित धरे 3 लोग, 3 मौके से फरार
चुराह वन मंडल सलूणी ने अवैध लकड़ी की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया है। इसी अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने देवदार के मौछों सहित 3 लोगों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है, जबकि 3 लोग मौके से फरार हो गए हैं।

आल्टो गाड़ी में हो रही थी लकड़ी की तस्करी, खैर के 11 मौछों सहित 2 वनकाटू काबू
वन विभाग ज्वालाजी की टीम ने एक आल्टो गाड़ी में खैर की लकड़ी की तस्करी कर रहे 2 लोगों को पकड़ा है। इस दौरान गाड़ी से खैर के 11 मौछे बरामद हुए हैं। विभाग की टीम ने जिन 2 लोगों को पकड़ा है, उनकी पहचान डिंपल कुमार और सुनील कुमार के रूप में हुई है।

गैस्ट हाऊस के कमरे में मृत मिला पंजाब का युवक, चिट्टे की ओवरडोज से मौत की आशंका
पंजाब के होशियारपुर का एक युवक घुमारवीं शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में एक निजी गैस्ट हाऊस में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला है। युवक की पहचान सरनदीप सिंह (22) पुत्र जगजीत सिंह तहसील दसूहा होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई है, जबकि युवक का दूसरा साथी फरार बताया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News