CM सुक्खू ने सड़क परियोजनाओं के लिए केंद्र से मांगा बजट, अडानी ग्रुप के C&F स्टोर पर कर एवं कराधान विभाग का छापा, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Feb 09, 2023 - 07:50 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र से राज्य में चल रहीं एनएच व फोरलेन परियोजनाओं पर तेजी से काम करने का आग्रह किया है। हिमाचल प्रदेश में अडानी ग्रुप के खिलाफ अब कार्रवाई होना शुरू हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि मुफ्त इलाज की हिमकेयर और आयुष्मान योजना को बंद नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को दिल्ली के द्वारिका क्षेत्र में 57.72 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 5 मंजिला हिमाचल निकेतन का शिलान्यास किया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर झूठे आरोप लगाना निंदनीय है। अडानी ग्रुप व ट्रक ऑप्रेटर्ज के बीच तालाबंदी के बाद हुई पहली वार्ता में कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। मेडिकल काॅलेज चम्बा में एक आऊटसोर्स कर्मचारी ने नौकरी से हटाए जाने के बाद आत्मदाह का प्रयास किया। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सबीना प्रदेश हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश होंगी। बद्दी के चक्का मार्ग पर सनसिटी के नजदीक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की छत अचानक गिर गई। आईजीएमसी शिमला में सुरक्षा कर्मचारियों व प्रबंधन के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

सीएम सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मांगा सड़क परियोजनाओं के लिए बजट
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र से राज्य में चल रहीं एनएच व फोरलेन परियोजनाओं पर तेजी से काम करने का आग्रह किया है। इसके तहत प्रदेश की फाेरलेन परियोजनाओं विशेषकर कीरतपुर. मनाली, परवाणु-शिमला, चक्की-मटौर-शिमला, मंडी-पठानकोट, नालागढ़-स्वारघाट, मुबारकपुर-अम्ब-नादौन और पांवटा साहिब-कालाअम्ब राजमार्ग के निर्माण कार्यों को गति प्रदान करने को कहा है ताकि इनका कार्य समयबद्ध पूर्ण हो सके।

टैक्स चोरी पर परवाणु में अडानी ग्रुप के C&F स्टोर पर राज्य कर एवं कराधान विभाग का छापा
हिमाचल प्रदेश में अडानी ग्रुप के खिलाफ अब कार्रवाई होना शुरू हो गई है। जीएसटी चोरी के मामले में राज्य कर एवं कराधान विभाग के दक्षिण प्रवर्तन जोन की टीम ने अडानी के अडानी विल्मर लिमिटेड के सी एंड एफ स्टोर में छापा मारकर टैक्स चोरी का बड़ा मामला पकड़ा है। विभाग की टीम द्वारा मौके पर रिकार्ड को खंगाला जा रहा है। 

बंद नहीं होगी हिमकेयर और आयुष्मान योजना, होगा और विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि मुफ्त इलाज की हिमकेयर और आयुष्मान योजना को बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के उस बयान को गलत बताया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सुक्खू सरकार ने हिमकेयर योजना बंद कर दी है और आयुष्मान योजना की गति भी धीमी हो गई है। 

CM सुक्खू ने दिल्ली के द्वारिका में किया हिमाचल निकेतन का शिलान्यास
हिमाचल वासियों को दिल्ली में आने वाले समय में हिमाचल निकेतन के रूप में ठहरने के लिए तीसरा विकल्प मिलेगा। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को दिल्ली के द्वारिका क्षेत्र में 57.72 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 5 मंजिला हिमाचल निकेतन का शिलान्यास किया। 

PM Modi पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकें राहुल गांधी 
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर झूठे आरोप लगाना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए कि आज उनका पूरा परिवार जमानत पर चल रहा है। इसके अलावा पूर्व यूपीए सरकार की तरफ से किए गए हजारों करोड़ रुपए के घोटालों की सूची बड़ी लंबी है, जिससे कांग्रेस की कार्यशैली का पता चलता है। 

अडानी ग्रुप के साथ बेनतीजा रही ट्रक ऑप्रेटर्ज की बैठक
अडानी ग्रुप व ट्रक ऑप्रेटर्ज के बीच तालाबंदी के बाद की पहली वार्ता बुधवार को दाड़लाघाट में अम्बुजा उद्योग के ऑडिटोरियम में हुई। वार्ता में कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। इसके बाद ट्रक ऑप्रेटर्ज को 4 बजे फिर से वार्ता के लिए बुलाया गया। वार्ता में 2-3 बिंदुओं पर सहमति न बनने के कारण वार्ता वीरवार सुबह के लिए स्थगित कर दी गई। वार्ता में अडानी ग्रुप की ओर से लॉजिस्टिक डिपार्टमैंट नॉर्थ जोन के नीलेश श्रीवास्तव, मनोज जिंदल, राजेश लखनपाल, अनुराग व ट्रक ऑप्रेटर्ज की कोर कमेटी की ओर से बालक राम शर्मा, रामकृष्ण शर्मा, जगदीश, मुंशी राम वर्मा, अरुण शुक्ला, जयदेव कौंडल, रामकृष्ण बंसल, रोशन लाल, परशुराम, राम कृष्ण व वेद प्रकाश शुक्ला मौजूद थे। 

नौकरी से हटाए जाने पर आऊटसोर्स कर्मी ने किया आत्मदाह का प्रयास
मेडिकल काॅलेज चम्बा में एक आऊटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से हटाने को लेकर बवाल खड़ा हो गया। नौकरी से हटाए कर्मचारी ने बुधवार को आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोक लिया। उधर, मेडिकल काॅलेज स्टाफ  ने आऊटसोर्स कर्मचारी के गैर-जिम्मेदारना रवैये व अभद्र भाषा प्रयोग करने की शिकायत डीसी से की है।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सबीना होंगी हिमाचल हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सबीना प्रदेश हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश होंगी। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायाधीश सबीना को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश करते हुए इन्हें इस पद के लिए हर लिहाज से उपयुक्त बताया। हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एए सैयद की सेवानिवृत्ति के पश्चात हाईकोर्ट की वरिष्ठम न्यायाधीश सबीना को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था। 

बद्दी में निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की छत गिरी, मजदूर मलबे में दबा
बद्दी के चक्का मार्ग पर सनसिटी के नजदीक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की छत अचानक गिर गई। बताया जा रहा है कि ये हादसा तकरीबन सवा 6 बजे का है। जब ये हादसा हुआ हुआ तब 4 मजदूर उसमें काम कर रहे थे परंतु छत गिरने से पहले 3 मजदूर पहले बाहर निकल गए जबकि एक मजदूर मलबे के नीचे दब गया। 

हिमस्खलन की चपेट में आए BRO के श्रमिक का नहीं मिला सुराग
जिला लाहौल-स्पीति के शिंकुला दर्रे के समीप दारचा मुहाल के छीका गांव से आगे सीमा सड़क संगठन द्वारा सड़क मार्ग को बहाल करने में जुटे 3 कामगार 5 फरवरी को ग्लेशियर में दब गए थे। 2 शवों को बरामद कर लिया गया था लेकिन घटना स्थल पर एक कामगार के लापता होने पर चौथे दिन भी तलाशी अभियान के दौरान उसे ढूंढने में सफलता नहीं मिल पाई है। 

वेतन न मिलने पर IGMC के सुरक्षा कर्मियों ने शुरू किया आंदोलन
आईजीएमसी शिमला में सुरक्षा कर्मचारियों व प्रबंधन के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। विवाद के चलते वेतन जारी न करने के बाद सुरक्षा कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। बुधवार को सुरक्षा कर्मियों ने पेट पर पट्टी बांधकर अपना रोष जताया है और आईजीएमसी प्रशासन सहित कंपनी को पत्र लिखकर वेतन देने की मांग उठाई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News