CM सुक्खू की नशा कारोबारियों को चेतावनी, हिमस्खलन की चपेट में आए BRO के 3 जवान, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Monday, Feb 06, 2023 - 06:04 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल सरकार एक माह में इलैक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी जारी करेगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र नादौन पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जहां जनसभा की, वहीं नशा कारोबारियों को भी हिमाचल छोड़कर जाने की चेतावनी दे डाली है। दारचा-शिंकुला मार्ग पर बीआरओ के 3 जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए हैं। घटना के बाद बीआरओ ने 2 कर्मचारियों के शव बरामद कर लिए हैं जबकि एक की तलाश जारी है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार के तुगलकी फरमानों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाने की बात कही है। कुल्लू जिले के तहत 15 मील में फोटो खींचते समय एक पर्यटक की ब्यास नदी में गिरकर मौत हो गई। अमूल कंपनी के बाद वेरका कंपनी ने भी दूध के दाम 2 रुपए बढ़ा दिए हैं। भाजपा की 3 दिवसीय कार्य समिति में बागियों को पुन: पार्टी में वापस न लेने का फैसला लिया गया है। भाजपा कार्यसमिति की बैठक के दौरान केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारत की उपलब्धियों का बखान किया है। लाहौल-स्पीति जिला की स्पीति घाटी में रविवार सुबह लिंगटी के पास चट्टानें गिरने से काजा का सुमदो व किन्नौर घाटी से संपर्क कट गया। पर्यटन नगरी डल्हौजी के एक निजी होटल में जालंधर के एक पर्यटक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल सरकार एक माह में जारी करेगी इलैक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार एक माह के भीतर अपनी इलैक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी लेकर आ रही है। इस पर काम चल रहा है। अग्निहोत्री रविवार को पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित किए जा रहे ईवी एक्सपो का अवलोकन करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। 

सीएम सुक्खू की नशा कारोबारियों को चेतावनी, बोले-हिमाचल से समेट लें बोरिया-बिस्तर
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र नादौन पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन में जनसभा करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश मेरी कर्मभूमि है तो नादौन की समग्र जनता मेरी मार्गदर्शक है। इस दौरान उमड़े जनसमूह को देखकर भावुक होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 साल आपने तप किया है और अब ऋण चुकाने की मेरी बारी है, जिसे कभी चुका तो नहीं पाऊंगा लेकिन आपके हर सुख-दुख में आपके साथ पहले की तरह खड़ा रहूंगा। 

दारचा-शिंकुला मार्ग पर हिमस्खलन की चपेट में आए BRO के 3 जवान
दारचा-शिंकुला मार्ग पर बीआरओ के 3 जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए हैं। घटना के बाद बीआरओ ने 2 कर्मचारियों के शव बरामद कर लिए हैं जबकि एक की तलाश जारी है। रविवार दोपहर बाद हुई इस दर्दनाक घटना में बीआरओ को यह नुक्सान उठाना पड़ा है। बता दें कि गत दिनों हुए भारी हिमपात से शिंकुला दर्रे में 4 फुट बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है।

कांग्रेस के तुगलकी फरमानों के खिलाफ भाजपा चलाएगी हस्ताक्षर अभियान
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के 15 दिनों के भीतर ही 1000 करोड़ का ऋण लिया और उसके बाद जनवरी में 1500 करोड़ रुपए तो अब फिर से 1500 करोड़ रुपए ऋण लेने की तैयारी हो रही है। यह बात उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 2012 से 2017 की सरकार ने 13000 करोड़ रुपए का ऋण लिया था। 

अमूल के बाद अब वेरका दूध भी हुआ महंगा, जानिए कंपनी ने कितने बढ़ाए दाम
अमूल कंपनी के बाद वेरका कंपनी ने भी दूध के दाम 2 रुपए बढ़ा दिए हैं। इसका जनता की जेब पर सीधा असर पड़ा है। शिमला में दूध के बढ़ते दामों का असर जनता पर सीधा हुआ है। अमूल दूध के दाम बढ़ने से शहरवासी वेरका दूध ले रहे थे लेकिन अब दोनों कंपनियों ने दामों को बढ़ाकर लोगों पर आर्थिक बोझ डाल दिया है। शहर में एक ही दिन में दुकान से दूध की बिक्री में कटौती हुई है।

भाजपा कार्यसमिति की बैठक में लिया फैसला, बागियों की नहीं होगी वापसी
भाजपा की 3 दिवसीय कार्य समिति में बागियों को पुन: पार्टी में वापस न लेने, अनुशानहीनता के मामलों पर कठोर कार्रवाई करने, पार्टी की हाल ही के विस चुनावों में हुई हार सहित अनेक मसलों पर खुलकर चर्चा हुई। सबसे बड़ी चर्चा चुनावों में हार को लेकर रही। किस प्रकार से बागियों ने खेल बिगाड़ा, किस-किस क्षेत्र में किन-किन लोगों ने अनुशासनहीनता का खेल खेला, इस प्रकार के तमाम मसले सामने आए।

पुल पर फोटो खींच रहे दिल्ली के पर्यटक के साथ हुआ ये दर्दनाक हादसा
कुल्लू जिले के तहत 15 मील में फोटो खींचते समय एक पर्यटक के ब्यास नदी में गिरने का मामला प्रकाश में आया है। ब्यास नदी में गिरने के चलते पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतक की पहचान आर्यन खान पुत्र शकीर अली निवासी जगतपुरी कृष्णा नगर दिल्ली के रूप में की गई है। उक्त पर्यटक संतोष मेडिकल काॅलेज गाजियाबाद उत्तर प्रदेश से काॅलेज टूअर पर मनाली घूमने आया हुआ था। 

आईटी के क्षेत्र में भारत ने अमरीका की सिलिकॉन वैली को भी पछाड़ा
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि आज से 9 वर्ष पूर्व जब कांग्रेस की सरकार केंद्र में सत्ता में थी तो 12 प्रतिशत महंगाई दर थी। पूरे देश में भ्रष्टाचार का बोलबाला था और देश नीतिगत पक्षाघात की ओर अग्रसर था। तब भाजपा ने नरेंद्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में चुनावी रण में उतारा और उन्होंने संकल्प लिया कि वह न खाएंगे, न खाने देंगे और तब से अब तक भाजपा की केंद्र सरकार पर किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लग पाया है।

लाहौल-स्पीति में भूस्खलन, चट्टानें गिरने से सुमदो-काजा मार्ग अवरुद्ध
लाहौल-स्पीति जिला की स्पीति घाटी में रविवार सुबह लिंगटी के पास चट्टानें गिरने से काजा का सुमदो व किन्नौर घाटी से संपर्क कट गया। मार्ग अवरुद्ध होने से दोनों ओर दर्जनों वाहन फंस गए। बीआरओ सुबह से सड़क बहाली में जुटा हुआ है, लेकिन अभी तक सड़क बहाल नहीं हुई है। हिमपात के बाद लाहौल-स्पीति जिला में हिमस्खलन सहित भूस्खलन की समस्या गहरा गई है।

बाथरूम में नहाते समय पड़ा दिल का दौरा, जालंधर के पर्यटक की मौत
पर्यटन नगरी डल्हौजी के एक निजी होटल में जालंधर के एक पर्यटक की मौत का एक ओर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जालंधर का यह सैलानी पत्नी तथा बेटे सहित एक होटल में रुका था। उक्त सैलानी सुबह नहाते हुए बाथरूम में ही गिर पड़ा। कुंडी लगी होने के चलते दरवाजा तोड़ कर उसे बाहर निकाला गया तथा इसके बाद उसे तुरंत सिविल अस्पताल डल्हौजी लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

पठानकोट-भरमौर NH पर भूस्खलन से लूणा पुल टूटा
पठानकोट-भरमौर एनएच 154 पर स्थित लूणा पुल शनिवार देर रात टूट गया। पुल टूटने के कारण पूरे जनजातीय उपमंडल भरमौर का संपर्क शेष विश्व से पूरी तरह कट गया है। इसी पुल के आगे जनजातीय क्षेत्र की सीमा शुरू होती है। इस उपमंडल में कुल 31 ग्राम पंचायतें हैं जो शेष प्रदेश से पूरी तरह से कट गई हैं। इस स्थान से अब भरमौर को पैदल जाना भी दूभर हो गया है क्योंकि नीचे गहरा नाला है। 

Content Writer

Vijay