निराश्रित बालिकाओं को घर बनाने के लिए मिलेगी 4 बिस्वा भूमि, चिट्टा मामले में 56 लाख की ड्रग मनी पकड़ी, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Friday, Feb 03, 2023 - 07:00 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में 16 फरवरी तक मौसम सामान्य रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस बीच कहीं बारिश तो कहीं धूप खिलने के आसार हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मानवीय सरोकार से जुड़ी एक और नई पहल शुरू की है। कांगड़ा जिला के जसूर में पकड़े गए 1 किलो 100 ग्राम चिट्टे के मामले में पुलिस ने ड्रग तस्करों के खिलाफ करारी चोट की है। हिमाचल सरकार ने 1 साल के भीतर सभी सरकारी वाहनों को इलैक्ट्रिक वाहनों से बदलने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश के सीएचसी, पीएचसी और सिविल अस्पतालों में 133 टैस्ट नि:शुल्क किए जाएंगे। कोरोना काल के दौरान आवश्यक उपकरणों की खरीद में हेराफेरी के आरोपों में पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डाॅ. अजय कुमार गुप्ता को विजिलैंस ने गिरफ्तार किया है। राज्य सरकार ने वर्ष 1987 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रामसुभग सिंह को मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार व विशेष मुख्य सचिव ऊर्जा के पद से हटा दिया है। ईपीएफ के नाम पर कर्मचारियों के साथ 45 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में 16 फरवरी तक सामान्य रहेगा मौसम
हिमाचल में 16 फरवरी तक मौसम सामान्य रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस बीच कहीं बारिश तो कहीं धूप खिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा आगामी 2 सप्ताह के लिए विस्तारित पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक फरवरी महीने के पहले सप्ताह में मौसम प्रदेश भर में साफ रहने वाला है। यानी प्रदेश में 8 फरवरी तक बारिश व बर्फबारी की संभावनाएं बहुत कम हैं। 

निराश्रित बालिकाओं को घर बनाने के लिए मिलेगी 4 बिस्वा भूमि
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मानवीय सरोकार से जुड़ी एक और नई पहल शुरू की है। अब की बार सरकार ने निराश्रित बालिकाओं के हक में बड़ा फैसला लिया है। निराश्रित बालिकाओं को सरकार घर बनाने के 4 बिस्वा भूमि और पर्याप्त धनराशि प्रदान करेगी। बीते बुधवार को प्रदेश सचिवालय में एक 27 वर्षीय निराश्रित युवती ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें अवगत करवाया कि उसके पास रहने के लिए कोई आवास नहीं है। 

चिट्टा मामले में पुलिस की पठानकोट में दबिश, ज्वैलर्स शॉप से 56.25 लाख की ड्रग मनी पकड़ी
कांगड़ा जिला के जसूर में पकड़े गए 1 किलो 100 ग्राम चिट्टे के मामले में पुलिस ने ड्रग तस्करों के खिलाफ करारी चोट की है। वीरवार को पुलिस ने पंजाब के पठानकोट में गौरव ज्वैलर्स शॉप में छापा मारा। छापेमारी में पुलिस ने 56.25 लाख की ड्रग मनी पकड़ी है। यह पैसा आरोपी रोहित ने ज्वैलर्स के पास सोने के आभूषण तैयार करने के लिए जमा करवाया था। 

1 साल के भीतर सभी सरकारी वाहन इलैक्ट्रिक वाहनों से बदलने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि 1 साल के भीतर सभी सरकारी वाहनों को इलैक्ट्रिक वाहनों से बदलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा आवश्यकतानुसार ही डीजल चलित वाहनों की खरीद के लिए मुख्य सचिव स्तर पर बनी समिति अनुमति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2025 तक हिमाचल प्रदेश को हरित राज्य घोषित करने का लक्ष्य रखा है।

CHC, PHC और सिविल अस्पतालों में अब नि:शुल्क होंगे 133 टैस्ट
हिमाचल प्रदेश के सीएचसी, पीएचसी और सिविल अस्पतालों में 133 टैस्ट नि:शुल्क किए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क होने वाले टैस्टों की संख्या बढ़ा दी है। इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है, ऐसे में अब शुक्रवार से अस्पतालों में यह नई व्यवस्था लागू हो जाएगी। जारी अधिसूचना के अनुसार सिविल अस्पताल में 110, कम्युनिटी हैल्थ सैंटर में 96 और प्राइमरी हैल्थ सैंटर में 63 टैस्ट नि:शुल्क किए जाएंगे। 

4.25 लाख की रिश्वत मामले में पूर्व स्वास्थ्य निदेशक गिरफ्तार
कोरोना काल के दौरान आवश्यक उपकरणों की खरीद में हेराफेरी के आरोपों में पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डाॅ. अजय कुमार गुप्ता गिरफ्तार हो गए हैं। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के कारण स्टेट विजिलैंस ने उन्हें गिरफ्तार किया। इससे पहले वह लेन-देन से जुड़े ऑडियो मामले में पकड़े गए थे। तब भी उन्हें विजिलैंस ने ही गिरफ्तार किया था। 

सरकार ने रामसुभग सिंह को CM के प्रधान सलाहकार व विशेष मुख्य सचिव पद से हटाया
राज्य सरकार ने वर्ष 1987 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रामसुभग सिंह को मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार व विशेष मुख्य सचिव ऊर्जा के पद से हटा दिया है। हालांकि उनके पास हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड के अध्यक्ष का दायित्व रहेगा, साथ ही वह मुख्यमंत्री को ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े नीतिगत मामलों व दुग्ध उत्पादन से संबंधित विषयों पर सलाह देते रहेंगे।

कांग्रेस के सत्ता में आते ही हिमाचल में विकास कार्य ठप्प, उद्योगों से लेकर संस्थानों पर तालाबंदी
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही हिमाचल प्रदेश में विकास कार्य ठप्प होकर रह गए हैं। वर्तमान सरकार के डेढ़ माह के कार्यकाल में ही 2 सीमैंट उद्योगों से लेकर सैंकड़ों संस्थानों पर तालाबंदी की नौबत आ गई है, ऐसे में वर्तमान सरकार की एकमात्र उपलब्धि प्रदेश को तालाबंदी की कगार पर लाकर खड़ा करना है। जयराम ठाकुर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। 

कर्मचारियों से EPF के नाम पर 45 लाख की ठगी कर आरोपी फरार
ईपीएफ के नाम पर कर्मचारियों के साथ 45 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामला मंडी जिले के एक निजी अस्पताल का है जिसमें आरोपी ने कर्मचारियों के ईपीएफ के पैसे इधर-उधर कर दिए और अब वह फरार है। अस्पताल के एमडी अरुण चंदेल ने पुष्पराज निवासी गांव वोहाटी वार्ड नंबर-6 तहसील सुंदरनगर के खिलाफ बल्ह पुलिस थाना में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है।

मोबाइल टावर लगाने के नाम पर 36 तो पैसा डबल करने का झांसा देकर ठगे 28.96 लाख
अगर आपको सोशल मीडिया में अज्ञात व्यक्ति क्रिप्टो करंसी के नाम पर निवेश कर दोगुना पैसा देने का झांसा दे रहे हैं तो सतर्क हो जाएं। मोबाइल पर ऐसी व्हाट्सएप कॉल ठग कर रहे हैं। कॉल करने वाला सही है या नहीं, इसमें आपको फर्क करना मुश्किल हो जाएगा। इस तरह की ठगी के कई मामले सामने आ रहे हैं।

Content Writer

Vijay