कांग्रेस में सीएम फेस के लिए घमासान, पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में CBI ने दर्ज कीं 2 FIR, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Sunday, Dec 04, 2022 - 07:33 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस चुनाव परिणामों से पहले ही मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पार्टी में घमासान मचा हुआ है। बहुचर्चित हिमाचल पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा पेपर लीक केस में सीबीआई ने 2 एफआईआर दर्ज की हैं। पड़ोसी राज्य उत्तराखंड की सहसपुर पुलिस ने पांवटा साहिब के रहने वाले 2 नामी नशा कारोबारियों को 8 लाख रुपए की स्मैक के साथ दबोचा है। प्रदेश हाईकोर्ट ने 11वीं व 12वीं कक्षाओं को पढ़ाने वाले शारीरिक शिक्षकों के लिए 2 माह के भीतर भर्ती एवं पदोन्नति नियम बनाने के आदेश दिए हैं। बद्दी में हाल ही में ही पकड़े गए नकली दवाओं के मामले में जांच अब कच्चे माल (एपीआई) के सप्लायर तक पहुंच सकती है। मंडी जिले में बल्ह पुलिस ने बागाचनोगी-थुनाग के व्यक्ति से 2.088 किलोग्राम चरस बरामद की है। बद्दी पुलिस ने बद्दी के बाईपास रोड पर झाड़ियों में मृत मिली नवजात के माता-पिता को खोज निकाला है। भजन की शूटिंग के लिए धर्मशाला आई पंजाब की मॉडल की थातरी में गाड़ी खाई में गिरने से मौत हो गई। चम्बा जिले में एक स्कूटी के खड्ड में गिरने से नर्स की मौत हो गई है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

चुनाव परिणामों से पहले कांग्रेस में सीएम फेस के लिए घमासान
हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता मिलने की सूरत में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इसको लेकर चुनाव परिणामों से पहले ही पार्टी में घमासान मचा हुआ है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के परिणाम 8 दिसम्बर को आएंगे, लेकिन जीत को लेकर आश्वस्त कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता परिणामों से पहले ही मुख्यमंत्री पद की लॉबिग करने में जुटे हुए हैं।

पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में CBI ने चंडीगढ़ में दर्ज कीं 2 FIR
बहुचर्चित हिमाचल पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा पेपर लीक केस में सीबीआई ने 2 एफआईआर दर्ज की हैं। ये दोनों एफआईआर एसईबी चंडीगढ़ थाने में दर्ज हुई हैं। दोनों मामलों में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने प्रारंभिक जांच के अंतर्गत आईपीसी की धारा-420, 120बी के तहत केस दर्ज करते हुए जिला कांगड़ा से जुड़े 4 व्यक्तियों को नामजद किया है। इनमें जिला पालमपुर निवासी मुनीष कुमार को दोनों केेसों में नामजद किया गया है।

उत्तराखंड में पांवटा साहिब के 2 नामी नशा कारोबारी 8 लाख की स्मैक के साथ दबोचे
पड़ोसी राज्य उत्तराखंड की सहसपुर पुलिस ने पांवटा साहिब के रहने वाले 2 नामी नशा कारोबारियों को 8 लाख रुपए की स्मैक के साथ दबोचा है। जानकारी के मुताबिक सहसपुर पुलिस ने पुरुवाला के रहने वाले जसवीर सिंह के अलावा देवी नगर के अतुल कुमार उर्फ तुल्ली को गिरफ्तार किया है। अतुल कुमार पांवटा साहिब का एक नामी नशा कारोबारी है। कुछ समय पहले सिरमौर पुलिस ने भी उसे पकड़ा था।

शारीरिक शिक्षकों के लिए 2 माह के भीतर भर्ती एवं पदोन्नति नियम बनाने के आदेश
प्रदेश हाईकोर्ट ने 11वीं व 12वीं कक्षाओं को पढ़ाने वाले शारीरिक शिक्षकों के लिए 2 माह के भीतर भर्ती एवं पदोन्नति नियम बनाने के आदेश दिए हैं। न्यायाधीश संदीप शर्मा ने हिमाचल प्रदेश स्कूल डीपीई संघ की याचिका को स्वीकारते हुए सरकार को ये आदेश जारी किए हैं। प्रार्थी संघ का आरोप था कि वे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 11वीं व 12वीं कक्षा के छात्रों को शारीरिक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

नकली दवा मामला : कच्चे माल के सप्लायर के करीब पहुंची जांच, जल्द होगी गिरफ्तारी
बद्दी में हाल ही में ही पकड़े गए नकली दवाओं के मामले में जांच अब कच्चे माल (एपीआई) के सप्लायर तक पहुंच सकती है। इस मामले में अब जल्द गिरफ्तारी हो सकती है। मामले की जांच कर रहा ड्रग विभाग खुलासा नहीं कर रहा है लेकिन जांच में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। यही नहीं, इस मामले में नकली दवा बनाने वाले उद्योग को पैकेजिंग मैटीरियल की आपूर्ति करने वालों पर शिकंजा करने की तैयारी हो गई है। 

पुलिस को देखकर भागा राहगीर, 2 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार
बल्ह पुलिस ने बागाचनोगी-थुनाग के व्यक्ति से 2.088 किलोग्राम चरस बरामद की है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम मुख्य आरक्षी रजत की अगुवाई में नागचला के पास गश्त पर थी। इस दौरान पैदल जा रहे एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे धर दबोचा और उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 2.088 किलोग्राम चरस हुई।

बिहार के गोपालगंज से घुटनों के बल मां नयना के दरबार पहुंचा श्रद्धालु
जहां पर माता श्रीनयना देवी जी श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूर्ण करती हैं वहीं माता के भक्तों की भक्ति भी अनूठी है। बिहार के जिला गोपालगंज से एक श्रद्धालु माता के दरबार में मनौती लेकर आया। घुटनों के बल चलकर हाथ में प्रसाद की टोकरियां पकड़कर, कंधे के ऊपर झंडे उठाए और घुटनों के बल चल कर जब मां के दरबार में पहुंचा तो इस भक्त की भक्ति को देखकर हर कोई हैरान था।

पुलिस ने खोज निकाले बद्दी बाईपास रोड पर मृत मिली नवजात के परिजन
बद्दी पुलिस ने बद्दी के बाईपास रोड पर झाड़ियों में मृत मिली नवजात के माता-पिता को खोज निकाला है। पुलिस ने दोनों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं तथा दोनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार यह दंपति बिहार राज्य का रहने वाला है तथा बद्दी के बिलावाली में किराए के मकान में रहता है। 

धर्मशाला में खाई में गिरी THAR, पंजाब की मॉडल की मौत
भजन की शूटिंग के लिए धर्मशाला आई पंजाब की मॉडल की थातरी में गाड़ी खाई में गिरने से मौत हो गई। वहीं गाड़ी में सवार वीडियोग्राफर गंभीर रूप से घायल हो गया। जोनल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे टीएमसी रैफर किया गया है। जानकारी के अनुसार हमीरपुर के एक गायक के भजन की शूटिंग के लिए कलाकार शनिवार को धर्मशाला के समीपवर्ती थातरी में पहुंचे थे।

तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर खाई में गिरी बोलेराे, एक की मौत
चम्बा जिले के उपमंडल चुराह के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर एक बोलेरो खाई में गिर गई। हादसे में युवक की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान भीमसेन (33) पुत्र नर सिंह निवासी सैंठा डाकघर बैरागढ़ के रूप में हुई है। इसके अलावा कमलेश कुमार (26) पुत्र भागी निवासी सैंठा डाकघर बैरागढ़ घायल हो गया। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

चम्बा-साहो मार्ग पर खड्ड में गिरी स्कूटी, नर्स की मौत
चम्बा-साहो मार्ग पर एक स्कूटी साल खड्ड में जा गिरी। हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई। युवती की पहचान शबनम बट्ट पुत्री मोहम्मद इकबाल निवासी गांव देहरोग, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह व जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शबनम सीएचसी साहो में बतौर नर्स सेवारत थी। शबनम हर रोज की तरह शनिवार को सुबह स्कूटी पर सवार होकर ड्यूटी पर जा रही थी।

Content Writer

Vijay