BJP 68 विधानसभा क्षेत्रों में करेगी विजय संकल्प रैलियां, कांग्रेस का जीतेंगे बूथ, जीतेगा हिमाचल अभियान शुरू, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Saturday, Oct 29, 2022 - 06:59 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा 68 विधानसभा क्षेत्रों में 68 विजय संकल्प रैलियां करवाने जा रही है। वहीं पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर प्रेम सिंह द्रैक को भाजपा ने 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। हिमाचल में विधानसभा चुनाव को लेकर जारी प्रचार के बीच भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस शनिवार को एक चार्जशीट सार्वजनिक करेगी। हिमाचल कांग्रेस ने मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र से जीतेंगे बूथ, जीतेगा हिमाचल अभियान की शुरूआत की है। हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदलने के नारे को बुलंद करने वाले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनके मंत्रिमंडल के 10 सहयोगियों की प्रतिष्ठा इस बार दांव पर है। सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में बिहार के रहने वाले एक मजदूर का कत्ल हो गया है। शिमला-सुन्नी सड़क मार्ग पर एक कार दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

एक्शन मोड में आई भाजपा, प्रेम सिंह द्रैक 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित
विधानसभा चुनावाें को लेकर भाजपा जहां बागियों को मनाने में जुटी हुई तो वहीं पार्टी के खिलाफ कार्य करने वालों पर भी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर प्रेम सिंह द्रैक को भाजपा ने 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की ओर से इस बाबत पत्र जारी किया गया है। 

हिमाचल में एक ही दिन में होंगी 68 विजय संकल्प रैलियां : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस आज परेशान है और उसे चुनाव लड़ने के लिए कोई मुद्दा नहीं मिल रहा। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी में शुक्रवार देर शाम मंडी में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि हम आश्वस्त हैं कि जनता के आशीर्वाद से हम रिवाज बदलेंगे और फिर से सरकार बनाकर प्रदेश की सेवा करेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 30 अक्तूबर को प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां करके इतिहास बनाने जा रही है। 

कांग्रेस जारी करेगी भाजपा के खिलाफ चार्जशीट, सीएम से लेकर मंत्रियों को घेरा
हिमाचल में विधानसभा चुनाव को लेकर जारी प्रचार के बीच भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस शनिवार को एक चार्जशीट सार्वजनिक करेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश चुनाव समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पवन खेड़ा और प्रदेश मीडिया विभाग की चेयरमैन अलका लांबा संबंधित आरोप पत्र को जारी करेंगे। सूत्रों के अनुसार चार्जशीट में मुख्यमंत्री के साथ ही 10 मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के कई आरोप दागे गए हैं। 

कांग्रेस ने मंडी के द्रंग विधानसभा क्षेत्र से की जीतेंगे बूथ, जीतेगा हिमाचल अभियान की शुरूआत
हिमाचल कांग्रेस चुनाव प्रभारी राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को जीतेंगे बूथ, जीतेगा हिमाचल अभियान की शुरूआत की। इस अभियान की शुरूआत मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र से हुई है। अभियान के तहत द्रंग से 873 लोगों को जोड़ा गया है। राजीव शुक्ला ने शिमला राजीव भवन से द्रंग विधानसभा के सभी बूथ कमेटी के लोगों से सीधा संवाद कर जीत का मंत्र दिया, साथ ही हर बूथ पर 5 महिला और 10 यूथ जोड़ने का संकल्प लिया गया। 

विधानसभा चुनाव में सीएम जयराम ठाकुर सहित 10 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर
हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदलने के नारे को बुलंद करने वाले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनके मंत्रिमंडल के 10 सहयोगियों की प्रतिष्ठा इस बार दांव पर है। साथ ही पिछली बार हारने वाले पूर्व मंत्री रविंद्र रवि, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा के लिए भी यह चुनाव किसी चुनौती से कम नहीं है। 

कालाअंब में तेजधार हथियार से मजदूर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में बिहार के रहने वाले एक मजदूर का कत्ल हो गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने अभी हत्या के कारणों का खुलासा नहीं किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने इस वारदात को घर में बने बाथरूम में अंजाम दिया। हत्या करने के लिए आरोपी ने तेजधार हथियार का प्रयोग किया है। मृतक की पहचान अरविंद सिंह पुत्र बच्चा सिंह निवासी गांव बहुआरा हरिबंस तहसील केसरिया (बिहार) के रूप में की गई है। 

मंडी में वोल्वो बस से 2.28 किलोग्राम चरस बरामद
पुलिस थाना सुंदरनगर के अंतर्गत आने वाले पुंघ क्षेत्र में फोरलेन सड़क पर मंडी पुलिस की एसआईयू टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक प्राइवेट वोल्वो बस में रखे बैग से 2 किलो 28 ग्राम चरस बरामद की है। जानकारी के अनुसार मंडी एसआईयू टीम के मुख्य आरक्षी टेक चन्द अन्य कर्मचारियों के साथ वीरवार देर रात पुंघ मे एनएच-21 पर वाहनो को चैक कर रहे थे तो रात करीब 12.30 बजे एक हरियाणा नंबर की प्राइवेट वोल्वो बस मंडी की तरफ से आई, जिसे चैकिंग के लिए रोका गया। 

शिमला-सुन्नी मार्ग पर कार खाई में गिरी, व्यक्ति की मौके पर मौत
शिमला-सुन्नी सड़क मार्ग पर एक कार दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय कुमार निवासी सुन्नी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विजय कुमार की कार उस जगह पर दुर्घटनाग्रस्त हुई जहां उसके भाई की गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। इस दुर्घटना में उसकी भी मौत हो गई थी। इसके बाद विजय कुमार ने यहां पर एक मंदिर भी बनाया था जबकि अब इस जगह पर गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने पर विजय कुमार ने भी दम तोड़ा है।

राजकीय सम्मान के साथ होगा शहीद राइफलमैन कुलभूषण मांटा का अंतिम संस्कार
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में शहीद हुए शिमला जिले के उपमंडल कुपवी की मझौली पंचायत के गौंठ गांव निवासी राइफलमैन कुलभूषण मांटा (26) का शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। शुक्रवार देर शाम शहीद की पार्थिव देह को हवाई मार्ग से चंडीगढ़ और इसके बाद सड़क मार्ग से गौंठ गांव पहुंचाया गया। शहीद कुलभूषण अपने पीछे पत्नी नीतू (25) व अढ़ाई माह का बेटा छोड़ गए हैं। कुलभूषण की शहादत के बाद पूरे क्षेत्र, उनके ससुराल चइंजन और ननिहाल घाला में मातम का माहौल है। 

मर्चैंट नेवी ऑफिसर सिद्धांत ठाकुर ने फतह किया माऊंट एवरैस्ट का बेस कैंप
नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर-4 के डोली मोहल्ला निवासी मर्चैंट नेवी ऑफिसर सिद्धांत ठाकुर ने बेस कैंप माऊंट एवरैस्ट पर पहुंचकर सुजानपुर का नाम रोशन किया है। सिद्धांत ठाकुर 7 अक्तूबर को हवाई जहाज से काठमांडू (नेपाल) के लिए रवाना हुए और 10 अक्तूबर से गाइड के साथ अपनी पैदल यात्रा शुरू की। उनके ग्रुप में 4 अन्य लोग शामिल थे, जिसमें से 2 दिल्ली तथा एक-एक मुंबई व साऊथ इंडिया से था।

बद्दी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दबोचे 4 हत्यारे, कृपाण और दराट से मौत के घाट उतारा था युवक
थाना पंचायत के डोरियां गांव के युवक हरभजन सिंह की हत्या के मामले में बद्दी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। चारों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया गया है। प्रेम प्रसंग के चलते हरभजन सिंह के साथ पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते 4 युवकों ने कृपाण और दराट से हमला कर उसे मौत के घाट उतारा था। 

Content Writer

Vijay