PM ने ऊना से रवाना की वंदे भारत एक्सप्रैस, सोलन में प्रियंका वाड्रा की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली आज, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Oct 14, 2022 - 06:01 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरवार को देश की चौथी ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन को हिमाचल प्रदेश के ऊना रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं चंबा में 800 करोड़ रुपए की जलविद्युत परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सोलन में शुक्रवार को राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली होगी। 15 अक्तूबर को गृह मंत्री अमित शाह सिरमौर दौरे पर आ रहे हैं। वहीं 15 अक्तूबर को विधानसभा चुनाव के टिकट आबंटन को लेकर कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

15 अक्तूबर को सिरमौर आएंगे अमित शाह, NSG ने लिया रैली स्थल व हैलीपैड का जायजा
गिरिपार क्षेत्र की सतौन पंचायत में 15 अक्तूबर को गृह मंत्री अमित शाह की रैली को लेकर एनएसजी की टीम ने रैली स्थल व हैलीपैड का जायजा लिया गया। हाटी समुदाय को जनजातीय घोषित करने के बाद सतौन पंचायत में गृह मंत्री अमित शाह का अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वीरवार को एनएसजी टीम के कमांडैंट विक्रम ठाकुर, मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा तथा खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने रैली स्थल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सतौन में हैलीपैड का जायजा लिया।

PM मोदी ने ऊना रेलवे स्टेशन से देश को दी चौथी ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरवार को देश की चौथी ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन को हिमाचल प्रदेश के ऊना रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन हिमाचल प्रदेश के अंब अंदौरा स्टेशन से नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी। अधिकारियों ने कहा कि नयी वंदे भारत ट्रेन पहले की ट्रेन की तुलना में अधिक उन्नत और हल्की है तथा कम अवधि में तेज गति से चलने में सक्षम है।

चंबा में बोले पीएम मोदी, डबल इंजन की ताकत ने हिमाचल के विकास को डबल तेजी से आगे बढ़ाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं। पीएम ने आज चंबा में 800 करोड़ रुपए की जलविद्युत परियोजनाओं का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने 48 मेगावाट की चांजू-3 पनबिजली परियोजना और 30.5 मेगावाट की देवथल-चांजू जल विद्युत परियोजना की आधारशिला रखी। हिमाचल के लिए लगभग तीन हजार करोड़ की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-तृतीय चरण का भी शुभारंभ भी किया। 

प्रियंका वाड्रा की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली आज, राहुल गांधी सहित कई बड़े नेता करेंगे प्रचार
सोलन के ठोडो मैदान में शुक्रवार को आयोजित होने वाली अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका वाड्रा की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को लेकर हिमाचल कांग्रेस के नेता मैदान में डटे हैं। वीरवार को कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला व सह प्रभारी संजय दत्त, हिमाचल प्रचार प्रसार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू व विधायक विक्रमादित्य सिंह सहित कई नेता सोलन पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। 

लोगों के लिए सपने की तरह था पहाड़ों में ट्रेन आना, मोदी ने किया साकार : अनुराग
पहाड़ों में ट्रेन आना लोगों के लिए सपने की तरह था, जो साकार नहीं हो रहा था। 30 वर्ष लग गए रेल ऊना तक मुश्किल से पहुंच पाई थी लेकिन प्रधान सेवक नरेन्द्र मोदी के 5 वर्षों के कार्यकाल में ही दौलतपुर चौक तक ट्रेन पहुंच गई। आज वंदे भारत एक्सप्रैस भी हिमाचल के ऊना में चलने लगी है, जोकि अपने आप में एक मील का पत्थर है। यह बात ऊना के इंदिरा मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कही। 

प्रियंका वाड्रा की परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली से कांग्रेस करेगी चुनावी शंखनाद : गोकुल बुटेल
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा शुक्रवार को सोलन के ठोडो मैदान में होने वाली परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली से विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का शंखनाद करेंगी। महारैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। इसके तहत मुख्य रूप से शिमला संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में जुटेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव एवं प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बनाए गए वार रूम के प्रभारी गोकुल बुटेल ने कहा कि प्रियंका वाड्रा की परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली ऐतिहासिक होगी। 

15 अक्तूबर को कांग्रेस केेंद्रीय चुनाव समिति की बैठक, प्रत्याशियों की पहली सूची होगी जारी
विधानसभा चुनाव के टिकट आबंटन को लेकर कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 15 अक्तूबर को होगी। इससे पहले 2 दफा यह बैठक टल चुकी है। दिल्ली में दोपहर 4 बजे यह बैठक होगी। माना जा रहा है कि बैठक के बाद देर शाम कांग्रेस हाईकमान की तरफ से प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी कर दी जाएगी। गौर हो कि प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों में से केंद्रीय चुनाव समिति की पहली बैठक में करीब 40 सीटों के प्रत्याशियों पर सहमति बन चुकी है, ऐसे में शेष 28 सीटों पर दूसरी बैठक में मंथन होना है। 

हिमाचल में रिवाज नहीं बदलेगा बल्कि तख्त व ताज बदलेगा : मुकेश अग्निहोत्री
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल में रिवाज नहीं बदलेगा बल्कि तख्त व ताज बदलेगा। कांग्रेस पार्टी मजबूत सरकार देगी। यहां जारी प्रैस बयान में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार वैंटीलेटर पर है। प्रधानमंत्री साढ़े 4 वर्षों तक तो हिमाचल से दूर रहे और अब चुनावों के समय में केवल शिलान्यास व उद्घाटन करने का काम कर रहे हैं। 

मनाली-रोहतांग मार्ग पर भूस्खलन, बर्फ के दीदार करने जा रहे पर्यटक बाल-बाल बचे
मनाली-रोहतांग मार्ग पर राहनीनाला के पास पहाड़ी टूटने से मार्ग 2 घंटे अवरुद्ध रहा। सुबह साढ़े 10 बजे जब यह हादसा हुआ तो पर्यटक बर्फ के दीदार को रोहतांग जा रहे थे। पर्यटक भाग्यशाली रहे कि जब यह चट्टान टूटी तो कोई भी पर्यटक वाहन सड़क में नहीं था। चट्टान टूटने से बीआरओ की सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। हालांकि अभी पर्यटक वाहन मढ़ी से रोहतांग जा ही रहे थे, लेकिन हादसा होने से पहले 8-10 पर्यटक वाहन रोहतांग सुरक्षित पहुंच गए थे।

पति की मौत के बाद पत्नी ने भी त्यागे प्राण, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार
इंसान जब शादी के बंधन में बंधता है तो दोनों जीवनभर साथ निभाने व हर सुख-दुख में साथ रहने की कसम खाते हैं लेकिन ऐसा बहुत ही कम देखने को मिलता है, जहां पर अपने जीवन साथी की जीवनलीला समाप्त होती देख दूसरा भी अपने प्राण त्याग कर प्रभु चरणों में विलीन हो जाए। ऐसा ही मामला विधानसभा क्षेत्र हरोली के गांव पंडोगा में सामने आया, जहां पर पति की मौत के बाद पत्नी की भी मौत हो गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News