Himachal: पठानकोट चम्बा मार्ग पर धंसी सड़क, हाईवे पर जा रहा ट्रक और बाइकें नीचे गिरीं

punjabkesari.in Sunday, Sep 14, 2025 - 12:41 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। मूसलाधार बारिश से हर दिन जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। हाल ही में, चंबा जिले के डलहौजी उपमंडल के बैली गांव के पास एक बड़ा हादसा हुआ। पठानकोट-चंबा राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण एक ट्रक और दो बाइकें खाई में गिर गईं।

यह घटना रात में तब हुई जब सड़क का एक हिस्सा पहले से ही क्षतिग्रस्त था और बारिश के कारण और धंस गया। हैरानी की बात यह है कि इस खतरनाक जगह पर कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था, न ही सुरक्षा के लिए कोई अन्य व्यवस्था की गई थी। रात के अंधेरे और धुंध में वाहन चालक खतरे को देख नहीं पाए और दुर्घटना का शिकार हो गए। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते चेतावनी बोर्ड लगा दिए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था। भारी बारिश के कारण चंबा जिले में कई अन्य सड़कें भी बाधित हुई हैं। लाहड़ू-नूरपुर मार्ग और चंबा-पठानकोट एनएच तुनुहट्टी के पास भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण बंद हो गए हैं। इन मार्गों को खोलने के लिए एनएच प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। सड़कों के बंद होने से यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा, चंबा-होली मार्ग भी सुहागा के पास भूस्खलन से बाधित हुआ था, जिसे अब छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और सावधानी बरतें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News