नवरात्र पर दुल्हन की तरह सजे हिमाचल के शक्तिपीठ, जानिए श्रद्धालुओं के लिए खास प्रबंध (Video)

Wednesday, Oct 10, 2018 - 11:40 AM (IST)

शिमला:  देवभूमि हिमाचल के कण-कण में देवी-देवता वास करते हैं। प्रदेश में कई प्रसिद्ध दिव्य शक्तिपीठ हैं। हर शक्तिपीठ की अपनी ही खासियत है। बुधवार 10 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक चलने वाले नवरात्र पर शक्तिपीठों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। चारों तरफ चहल-पहल है। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।  


ज्वालामुखी मंदिर
विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर को नवरात्र पर दुल्हन की तरह सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। 58 सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। पुलिस व होमगर्ड के जवान मंदिर में 24 घंटे तैनात रहेंगे। बता दें कि नवरात्र 10 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक चलेगा। इन नवरात्रों में श्रद्धालु मेटल डिटेक्टर से गुजर कर लाइन में मंदिर जा रहे हैं और मां की ज्योतियों के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर के गर्भगृह में नारियल चढ़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। 


चिंतपूर्णी मंदिर
51 शक्तिपीठों में से एक चिंतपूर्णी मंदिर में नवरात्रों के पहले दिन ही श्रद्धालुओं की काफी चहल-पहल है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात हैं और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।


नयना देवी मंदिर
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में नवरात्रों पर आस्था का सैलाब उमड़ा है। इस बार मंदिर को 500 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। नवरात्रों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, यूपी, उत्तराखंड, राज्यस्थान और अन्य प्रदेशों से आ रहे हैं। विदेशों से भी मां के दर्शन के लिए लोग पहुंचे रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।  


बालासुंदरी मंदिर
उत्तर भारत की प्रसिद्ध दिव्य शक्तिपीठ महामाया बालासुंदरी मंदिर में भी नवरात्रों पर श्रद्धालुओं का भारी तांता लगा हुआ है। लाखों की तादाद में श्रद्धालु मां के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने आते हैं। मान्यता है कि इस पावन स्थली पर माता साक्षात रूप में विराजमान हैं और यहां पर मनोकामना अवश्य पूरी होती है। 

Ekta