हिमाचल का बेटा है खली, इस पर राजनीति न करें: गोविंद

Tuesday, Jul 03, 2018 - 10:58 AM (IST)

शिमला: युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश में कुछ लोग ग्रेट खली के सोलन व मंडी में होने वाली इवैंट पर कोरी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खली ने राज्य सरकार से डब्ल्यू.डब्ल्यू.ई. प्रतियोगिता करवाने के लिए संपर्क किया था। वह हिमाचल के बेटे हैं और दुनिया में अपने नाम का डंका बजाया है। ऐसे में हमने खली के निवेदन पर विचार किया और संबंधित विभागों से भी चर्चा की। 


उन्होंने कहा कि गहन चर्चा के बाद यह बात सामने आई है कि डब्ल्यू.डब्ल्यू.ई. मान्यता प्राप्त खेल नहीं है, ऐसे में सरकार इस आयोजन के लिए वित्तीय मदद नहीं कर सकती। ठाकुर ने यहां जारी बयान में स्पष्ट किया है कि ग्रेट खली के इवैंट के लिए प्रदेश सरकार किसी भी तरह की आर्थिक मदद नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि ग्रेट खली के इस कार्यक्रम का आयोजन कंटिनैंटल रैसलिंग एंटरटेनमैंट नाम की कंपनी कर रही है। 


उन्होंने यह भी साफ किया खली के इस कार्यक्रम के प्रायोजन के लिए प्रदेश सरकार ने कोशिश की थी लेकिन बाद में यह तय किया गया कि इस कार्यक्रम में सरकार किसी भी तरह की आर्थिक मदद नहीं करेगी और स्थानीय स्तर पर जो भी प्रशासनिक मदद की जरूरत ग्रेट खली को इवैंट के लिए होगी, उसकी व्यवस्था करवाई जाएगी। उन्होंने पूरे मामले में राजनीति करने वालों को नसीहत दी है कि पुराने दस्तावेजों के जरिए प्रदेश की जनता को गुमराह न करें। खली हिमाचल का बेटा है और अपने स्तर पर अपनी कंपनी के जरिए मंडी और सोलन में इवैंट करवा रहे हैं। उन्होंने खली को इस इवैंट के लिए शुभकामनाएं दी हैं। 
 

Ekta