Himachal: मातृभूमि की रक्षा करते हिमाचल का जवान अरविंद सिंह शहीद, पीछे छूटा डेढ़ साल का मासूम

punjabkesari.in Saturday, Sep 14, 2024 - 12:25 PM (IST)

हमीरपुर/नादौन/धनेटा (राजीव/जैन/संजय): जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान हिमाचल के जवान अरविंद सिंह शहीद हो गए हैं। जवान की शहादत का समाचार मिलते ही पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं शहीद के घर पर भी माहौल गमगीन हो गया है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हमीरपुर जिला के उपमंडल नादौन की पंचायत हथोल के गांव लाहड़ निवासी अरविंद सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह ने वर्ष 2017 में भर्ती होकर 20 डोगरा बटालियन में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। वर्तमान में वह राष्ट्रीय राइफल्स में डोडा किश्तवाड़ क्षेत्र में तैनात थे।
PunjabKesari

जानकारी के अनुसार के डोडा किश्तवाड़ में सर्च ऑप्रेशन के दौरान सेना के जवानों की आतंकियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवान अरविंद सिंह गोली लगने से घायल हो गए, जिसके चलते उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। सेना की ओर से जैसे ही अरविंद के शहीद होने की खबर परिजनों को मिली तो घर पर चीखोपुकार मच गई, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

एक माह की छुट्टी काटकर लौटे थे ड्यूटी पर
शहीद के पिता राजेंद्र सिंह ने बताया कि अरविंद सिंह एक माह की छुट्टी काटकर 15 दिन पहले ही ड्यूटी पर वापस लौटे थे। शुक्रवार सुबह ही बेटे ने 10 बजे वीडियो कॉल के माध्यम से पूरे परिवार से बातचीत कर हालचाल पूछा था। शुक्रवार शाम 3:45 बजे बटालियन से फोन पर सूचना मिली कि किश्तवाड़ में चल रहे एक ऑप्रेशन के दौरान आतंकियों से मुठभेड़ में अरविंद सिंह शहीद हो गए। शहीद अरविंद सिंह अपने पीछे पिता राजेंद्र सिंह, माता सरोज कुमारी, पत्नी इक्षू देवी, डेढ़ साल का बेटा और छोटे भाई को छोड़ गए हैं। बता दें शहीद के छोटे भाई भी 8 डोगरा बटालियन में हैं और इस समय जम्मू में तैनात है। वहीं शहीद के दादा देवी सिंह भी आर्मी से सेवानिवृत हुए हैं। वहीं शहीद का पार्थिव देह आज घर पहुंचने की संभावना है। 
PunjabKesari

मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक
उधर, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिपाही अरविंद सिंह की शहादत पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान मेरे विधानसभा क्षेत्र नादौन, कांगू के हथोल गांव निवासी वीर जवान अरविंद सिंह की शहादत का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। अरविंद सिंह की अमर शहादत को यह देश कभी नहीं भूल पाएगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News