अचानक चढ़ा हिमाचल का पारा, ऊना में तापमान 31 डिग्री पार

Saturday, Mar 10, 2018 - 11:24 PM (IST)

पालमपुर/मनाली: हिमाचल प्रदेश में गर्मी एकाएक रंग दिखाने लगी है। ऊना का तापमान मार्च माह मेें 30 डिग्री को पार कर 31.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 3 दिनों से अधिकतम तापमान में बढ़ौतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सैल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। यद्यपि न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं हुआ है। राज्य में 13 मार्च से वर्षा की संभावना जताई गई है परंतु उससे पहले ही पिछले कुछ दिनों से दिन के तापमान में एकाएक बढ़ौतरी से मौसम गर्म हुआ है। 

हमीरपुर में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सैल्सियस
ऊना के अतिरिक्त बिलासपुर तथा हमीरपुर में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जबकि सुंदरनगर में 27.4 तथा कांगड़ा में 27.2 डिग्री सैल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ है। नाहन में पारा 25 डिग्री सैल्सियस से अधिक दर्ज हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 13 मार्च से राज्य के उच्च पवर्तीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर वर्षा तथा हिमपात के आसार हैं जबकि 14 मार्च को मैदानी, मध्य पवर्तीय तथा उच्च पर्वतीय क्षेत्र में कुछेक स्थानों पर वर्षा की संभावना है। यह क्रम 15 मार्च को भी जारी रह सकता है। 

कोकसर-मढ़ी में रैस्क्यू पोस्ट स्थापित
उधर, लाहौल को कुल्लू से जोडऩे वाले रोहतांग दर्रे में इस वर्ष समय पूर्व ही कदमताल शुरू  हो जाएगी। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के सहयोग से बर्फ से होकर पैदल निकलने वाले लोगों की मदद के लिए लाहौल के कोकसर और मनाली के मढ़ी में रैस्क्यू पोस्ट स्थापित कर दी हैं। रैस्क्यू पोस्ट के स्थापित होते ही रविवार से रोहतांग दर्रे में कदमताल शुरू हो जाएगी। लाहौल की ओर से बी.आर.ओ. ने राक्षी ढांक तक बर्फ  हटा ली है जबकि मनाली की ओर से 28 किलोमीटर दूर राहलाफाल तक सड़क साफ  है। 

सैंकड़ों लोगों को रोहतांग बहाली का इंतजार
लाहौल की ओर जाने वाले सैंकड़ों लोगों को रोहतांग बहाली का इंतजार है। रविवार से सफर करने वाले राहगीरों को मनाली के राहलाफाल से लाहौल के राक्षी ढांक तक मात्र 34 किलोमीटर सफर ही तय करना पड़ेगा। रैस्क्यू पोस्ट के स्थापित हो जाने से राहगीरों को राहत मिल जाएगी और वे अपने घरों का रुख कर सकेंगे।