अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर नजर आएगा हिमाचल का हेड कॉन्स्टेबल संजीव

Monday, Oct 29, 2018 - 01:25 AM (IST)

कांगड़ा(राहुल): हिमाचल प्रदेश पुलिस के जवान संजीव कुमार ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। जिला कांगड़ा की तहसील फतेहपुर के जगनोली गांव के संजीव कौन बनेगा करोड़पति शो की हॉट सीट तक पहुंच गए हैं। वो बाॅलीवुड जगत की मशहूर शख्सियत और शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के सामने वाली हॉट सीट पर नजर आएंगे। कौन बनेगा करोड़पति के इस शो का प्रसारण मंगलवार को सोनी टीवी पर होगा। 

संजीव कुमार इन दिनों हिमाचल पुलिस में बतौर हैड कांस्टेबल द्वितीय आरक्षी वाहिनी सकोह में सेवाएं दे रहे हैं। संजीव 2006 से हिमाचल पुलिस में कार्यरत हैं। संजीव कुमार के साथ फाइनल शो के लिए उनकी धर्मपत्नी मुकेश लता और बड़े भाई अर्जुन सिंह गए हैं। संजीव कुमार ने बताया कि उन्हें केबीसी में चयनित होने से भी ज्यादा बिग बी अमिताभ बच्चन से मिलने की उत्सुकता है। संजीव ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय  पिता जसवंत सिंह और माता श्रेष्ठा देवी को दिया है। 

देहरी काॅलेज से पढ़े हैं संजीव

उन्होंने कहा है कि इनसान की कामयाबी में परिवार का अहम रोल होता है। संजीव कुमार ने शिक्षा स्थानीय स्कूलों से प्राप्त की है। जिसके बाद उन्होंने अपनी स्नातक की शिक्षा राजकीय डिग्री कालेज देहरी से प्राप्त की है। संजीव कुमार की इस कामयाबी से द्वितीय आरक्षी वाहिनी सकोह में अधिकारियों व जवानों सहित क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

यूं बढ़ाए केबीसी की ओर कदम

संजीव कुमार ने बताया कि वह मोबाइल से संदेश के जरिए केबीसी के सवालों के जवाब दे रहे थे, जिसके बाद जुलाई माह में संजीव को केबीसी से कॉल आ गई थी। संजीव ने दिल्ली में केबीसी की लिखित परीक्षा में भाग लिया था, जिसके बाद उनका कैमरे के सामने साक्षात्कार भी लिया गया। इसके बाद उसका चयन मुंबई में शो के लिए भी हो गया है। संजीव कुमार ने हॉट सीट पर पहुंचने के लिए फास्टेस फिंगर के अंतिम पड़ाव को भी बेहतरीन समयसीमा में पास किया है।

Rahul