खेल मंत्री का ऐलान, शिमला में खुलेगी हिमाचल की पहली रैसलिंग अकादमी

Sunday, Jul 08, 2018 - 03:15 PM (IST)

सोलन (चिनमय): सोलन में ग्रेट खली रिटर्न डब्ल्यू.डब्ल्यू.ई. रैसलिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ इस प्रतियोगिता में परिवहन, वन तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है तथा इसी कड़ी में प्रदेश सरकार राज्य में हर माह विभिन्न खेल गतिविधियों को आयोजित करने पर विचार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि सितम्बर 2018 में ‘खेलो हिमाचल’ नामक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाए। इसी प्रकार विभिन्न महीनों में मौसम के अनुसार खेल आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि खेलों को प्रोत्साहित करने तथा हिमाचल की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं जो विभिन्न खेलों में हिमाचली युवाओं को देश व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों के साथ प्रतियोगिता करने का अवसर प्रदान करें।


हिमाचली बेटे ‘ग्रेट खली’ पर सभी को नाज
उन्होंने कहा कि सभी प्रदेशवासियों को हिमाचली बेटे ‘ग्रेट खली’ के नाम से मशहूर दिलीप सिंह राणा के ऊपर नाज है तथा इसका श्रेय ग्रेट खली के माता-पिता को जाता है। उन्होंने इस अवसर पर उन्होंने ग्रेट खली के पिता डोले राम राणा को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मनित भी किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं को करवाने का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर करना तथा उभरती खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहली रैसलिंग अकादमी शिमला लोकसभा क्षेत्र में खोली जाएगी तथा इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा द ग्रेट खली की हरसंभव मदद की जाएगी।

Vijay