हिमाचलियों का खानपान बिगड़ा, डायबिटीज ने घेरा

Saturday, Feb 01, 2020 - 01:24 PM (IST)

 

हमीरपुर: देश भर में डायबिटीज के मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। पूरे देश की आबादी के 5 प्रतिशत लोग इस बीमारी से पीड़ित हैं। अन्य देशों के मुकाबले भारत में डायबिटीज के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसका कारण लाइफ स्टाइल, खानपान और आरामदायक जीवन-यापन माना जा रहा है। सही समय पर डायबिटीज का इलाज न करवाने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकती है। बच्चों से लेकर व्यस्क और युवाओ में भी डायबिटीज के लक्षण पाए जा रहे हैं, जोकि चिंतनीय विषय है। डायबिटीज की वजह से उम्र कम हो रही है और अन्य बीमारियों से भी ग्रसित हो रहे हैं।

अब तक 1 लाख में 1100 मेल तो 1635 फीमेल ग्रस्त
हिमाचल प्रदेश की आबादी 68 लाख से ज्यादा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में एक लाख जनसंख्या पर 15 से 49 साल तक 1100 पुरुष और 1635 महिलाएं डायबिटीज की बीमारी से पीड़ित हैं। आने वाले समय में मार्च तक यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा।

प्रदेश के सर्वे में अब तक 14,873 मरीज
प्रदेश स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी नैशनल प्रोग्राम फार प्रीवैंशन एंड कंट्रोल ऑफ कैंसर, डायबिटीज, सी.बी.डी., ब्रेन स्ट्रोक को लेकर सर्वे शुरू किया गया है। प्रदेश भर में आशा वर्कर घर-घर जाकर महिला और पुरुषों से प्रश्न पूछ रही हैं और इन रोगों के संबंध में जानकारी मिल रही है तो उसका इलाज करवाने के लिए नजदीकी अस्पताल में ले जाएंगी। प्रदेश में सर्वे के अनुसार अभी तक 14,873 डायबिटीज के मरीज पाए गए हैं।

डायबिटीज से बचने को अपनाएं जरूरी टिप्स
डायबिटीज से बचना है तो हर दिन 30 मिनट व्यायाम जरूर करें। खाना खाते समय टी.वी. देखने व जंक फूड व तली चीजों से परहेज करें। नियमित समय पर आहार लें तथा हरी सब्जियों व दालों को आहार में शामिल करें। धूम्रपान व अन्य तंबाकू उत्पादों से किनारा करें तथा 6 से 8 घंटे की नींद अवश्य लें। चिकित्सक से समय पर उपचार करवाएं।

 

kirti