हिमाचल प्रदेश परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह को मिली नई संजीवनी

Monday, Jan 08, 2018 - 10:07 AM (IST)

बिलासपुर: लंबे समय से पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा एच.आर.टी.सी. की सेवाओं से बर्खास्त किए गए हिमाचल प्रदेश परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर को नई संजीवनी मिल गई है। भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश कार्यसमिति की बरमाणा में हुई 2 दिवसीय प्रदेश स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि वह संघ के प्रदेशाध्यक्ष के पद पर पहले की तरह आगे भी कार्य करते रहेंगे। 


भामसं के प्रदेशाध्यक्ष राकेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्रीय संगठन मंत्री रामदास पांडे व जगदीश जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में केंद्र व प्रदेश के पदाधिकारियों ने ठाकुर को एक जुझारू नेता बताते हुए उनमें अपना विश्वास व्यक्त किया। भामसं के केंद्रीय पदाधिकारियों ने इस बैठक में कहा कि ठाकुर सहित संघ के कुछ अन्य जुझारू पदाधिकारियों ने गत 5 वर्षों में पूर्व सरकार के अत्याचारों व दमन का निर्भीकता से सामना किया।


इन कठिन परिस्थितियों में शंकर ने न तो सरकार के समक्ष घुटने टेके और न ही उनके प्रलोभनों में आए। बैठक में लिए गए इस निर्णय के बाद अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अब वक्त बदलाव का है। पूर्व सरकार के समय एच.आर.टी.सी. में हुए घोटालों व अनियमितताओं को अंजाम देने वालों के काले दिन और मेहनत करने वाले ईमानदार कर्हमयों के अच्छे दिन आ गए हैं।