हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने औपचारिक रूप से किया कुल्लू दशहरा का उद्घाटन

Saturday, Oct 16, 2021 - 01:07 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप) : कुल्लू दशहरा जिसे देव महाकुम्भ के नाम से भी जाना जाता है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विधिवत रूप से शुभारम्भ किया। राज्यपाल ने कुल्लू दशहरा की पहली सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यतिथि शिरकत करते हुए अटल सदन में दीप प्रज्वलित कर कुल्लू दशहरा का शुभारम्भ किया। कुल्लू दशहरा का शुभारम्भ करने से पूर्व राज्यपाल ने कुल्लू के प्रसिद्व ढालपुर मैदान में होने वाली भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा में भी भाग लिया। राज्यपाल ने कुल्लू दशहरा का विधिवत रूप से शुभारम्भ करने के पश्चात घाटी के लोगों को दशहरे की शुभकामनांए देते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य की जीत का परिचायक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति बहुत समृद्व है। जिसकी विश्व भर में अलग पहचान है। प्रदेश में आयोजित होने वाले यह मेले और त्यौहार हमारी प्राचीन संस्कृति और सभ्यता को दर्शाते हैं।

वहीं इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज में नशा तेजी से बढ़ रहा है और युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं जो जानलेवा है। उन्होंने कहा कि सभी को इसके बारे में गंभीरता से सोचना चाहिए और योगदान देने और एक साथ ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सामाजिक मुद्दों पर जनभागीदारी जरूरी है। राज्यपाल ने कहा हमें संकल्प लेना चाहिए कि न केवल खुद को बल्कि दूसरों को भी नशे की बुराई से बचाना है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने कोरोना वायरस की पहली खुराक में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। उन्होंने कहा कि जिला किन्नौर ने भी वयस्कों को दूसरी खुराक देने में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लोगों के सहयोग से हम दोनों पूरक आहार देने में देश में सबसे आगे होंगे। उन्होंने कुल्लू दशहरा में बेहतर व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी।
 

Content Writer

prashant sharma