करवाचौथ पर हिमाचल पुलिस की नई पहल, छननी में चंदा को देख पहनाएं पति को हैल्मेट

Saturday, Oct 07, 2017 - 10:26 PM (IST)

ऊना/धर्मशाला: हैल्मेट के प्रयोग को लेकर कड़ाई से नियमों की पालना करवा रही ऊना व कांगड़ा पुलिस अब करवाचौथ के त्यौहार की शुभकामनाएं देने के साथ-साथ महिलाओं से अपने पतियों की लम्बी उम्र के लिए उन्हें हैल्मेट पहनाने का आग्रह कर रही है। रविवार को होने वाले इस त्यौहार से पहले ही ऊना पुलिस ने लगभग एक दर्जन फ्लैक्स बनवाकर इस तरह के संदेश सभी जगहों पर लगाए हैं। फ्लैक्सों को अधिकतर ऐसी जगहों पर टांगा गया है जहां अधिक से अधिक जनता का इस पर ध्यान जाए। ऐसा माना जा रहा है कि आगामी त्यौहारों पर भी पुलिस शुभकामनाओं सहित यातायात नियमों की पालना करने का संदेश लोगों को देगी। 

कांगड़ा ट्रैफिक पुलिस के अनुसार अनूठा है विचार 
उधर, कांगड़ा ट्रैफिक पुलिस के अनुसार विचार अनूठा है, इसे लेकर ट्रैफिक पुलिस अपने कदम आगे बढ़ा चुकी है। कांगड़ा पुलिस ने इसके लिए बाकायदा पोस्टर भी बनवाए हैं जिसमें एक हाथ में छननी, निगाहें करवाचौथ के चांद पर। इसके दूसरी तरफ  ही हैल्मेट में पति देव। इस प्रकार के पोस्टर पुलिस ने शहर में जगह-जगह लगाने शुरू कर दिए हैं। 

इस योजना से हादसों में आएगी कमी 
ऊना के एस.पी. संजीव गांधी ने बताया कि इस तरह के संदेश के लगभग एक दर्जन फ्लैक्स बोर्ड टांगे गए हैं ताकि महिलाएं भी अपने पतियों को हैल्मेट के प्रयोग के लिए प्रेरित करें और अमूल्य जिंदगियां बच जाएं। कांगड़ा के एस.पी. रमेश छाजटा कहते हैं कि इस प्रकार की योजना से निश्चित ही हादसों में कमी आएगी। हादसे रोकने के लिए आम लोगों को जागरूक होना बहुत जरूरी है। जिला में दोपहिया वाहन चालकों में हैल्मेट के प्रति संजीदगी पैदा करने हेतु जागरूकता पैदा की जा रही है।