हाथ में वोटर आईडी, लेकिन लिस्ट से नाम गायब! हिमाचल की इस पंचायत में 40 से ज्यादा लोग नहीं कर पाए मतदान

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 03:09 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): लोकतंत्र के महापर्व में वोट डालना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के विकास खंड मैहला की मंगला पंचायत में कई मतदाताओं को बिना वोट डाले ही मायूस होकर घर लौटना पड़ा। वजह थी प्रशासन की एक बड़ी चूक! मतदान के दिन जब कई वोटर पोलिंग बूथ पर पहुंचे, तो पता चला कि मतदाता सूची  से उनके नाम ही गायब हैं। इतना ही नहीं, कई लोगों के नाम और पते गलत छपे होने के कारण उन्हें मतदान करने से रोक दिया गया।

मतदाता सूची में हुई इस भारी गड़बड़ी पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मनोज कुमार, राकेश कुमार और सुरेश सहित कई युवाओं व अन्य मतदाताओं ने कड़ा रोष जताते हुए कहा कि वे अपना वोटर आईडी कार्ड लेकर पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंचे थे। लेकिन वहां जाकर उन्हें गहरा सदमा लगा। उन्होंने पंचायत के अलग-अलग बूथों पर जाकर अपना नाम ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कहीं भी उनका नाम नहीं मिला। इसके अलावा, कई मतदाताओं के पिता का नाम गलत अंकित था, जिस कारण वे भी अपने मताधिकार से वंचित रह गए।

मतदाताओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वे इस इलाके के स्थायी और पुराने निवासी हैं। उन्होंने बाकायदा पिछले विधानसभा चुनावों में भी मतदान किया था। ऐसे में अचानक मतदाता सूची से उनके नाम कैसे हटाए जा सकते हैं, यह उनकी समझ से परे है।

एक तरफ सरकार और चुनाव आयोग लोगों को घरों से बाहर निकलकर ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ऐसी प्रशासनिक खामियां लोगों को वोट डालने से रोक रही हैं। अनुमान के मुताबिक मंगला पंचायत में करीब 40 से 45 मतदाताओं के नाम लिस्ट से गायब पाए गए, जिसके कारण वे वोट नहीं डाल सके।

गुस्साए और जागरूक मतदाताओं ने इसे एक गंभीर मुद्दा बताया है। उन्होंने आशंका जताई है कि इसके पीछे किसी की साजिश हो सकती है या फिर यह विभाग की भारी लापरवाही का नतीजा है। मतदाताओं ने प्रशासन से मांग की है कि आखिर उनके नाम वोटर लिस्ट से क्यों और कैसे काटे गए, इसकी तुरंत और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी चूक दोबारा न हो।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News