लेह लद्दाख में ड्यूटी पर तैनात हिमाचल के जवान की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

Monday, Jan 28, 2019 - 11:05 AM (IST)

नाहन: हिमाचल के सिरमौर के एक जवान की लेह लद्दाख में ड्यूटी के दौरान मौत होने की सूचना मिली है। जवान की मौत कैसे हुई, इसकी सही जानकारी नहीं मिली है। जानकारी के अनुसार लेह लद्दाख में डोगरा रेजिमेंट में तैनात श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के तहत कटाह शीतला पंचायत के शिरूमाइला गांव के जवान विनोद कुमार (23) पुत्र प्रेम सिंह की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई है। विनोद की अभी शादी नहीं हुई थी। जवान का पोस्टमार्टम न होने की वजह से कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। 

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया जा रहा है कि दिवंगत जवान का पार्थिव शरीर मंगलवार को चंडीगढ़ पहुंचेगा। जवान के परिजनों को सोमवार बेटे के बीमार होने की सूचना मिली। दिवंगत विनोद करीब डेढ़ महीने पहले ही घर आया था। वहीं डीसी सिरमौर ललित जैन ने कहा कि फिलहाल पुख्ता तौर पर कोई जानकारी नहीं मिली है।




 

Ekta