धुंध, कोहरे और शीतलहर की चपेट में हिमाचल, 4 जिलों का तापमान माइनस में

punjabkesari.in Saturday, Jan 15, 2022 - 11:54 PM (IST)

17 से 19 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार
शिमला (राजेश):
हिमाचल प्रदेश धुंध, कोहरे और कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानों तक कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। बिलासपुर, हमीरपुर व ऊना जिलों सहित सोलन के बीबीएन और कांगड़ा व सिरमौर के मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं पहाड़ी इलाकों में धूप खिलने से मौसम तो खुशनुमा बना हुआ है लेकिन कड़ाके की सर्दी बरकरार है। जनजातीय क्षेत्रों में नदी-नाले और झरने बर्फ  में तबदील हो गए हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में पारा जमाव ङ्क्षबदू से नीचे पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिले का मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां शनिवार को न्यूनतम तापमान-15.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह किन्नौर जिले के कल्पा में पारा -4.6 डिग्री, शिमला जिले के कुफरी में -2 डिग्री और कुल्लू जिले के मनाली में -0.2 डिग्री दर्ज हुआ है। प्रदेश के अन्य शहरों के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी है। सुंदरनगर में 0.1, भुंतर में 0.2, सोलन में 1 डिग्री, कांगड़ा व चम्बा में 2.3 डिग्री, पालमपुर में 3, डल्हौजी में 3.1, शिमला में 3.8, धर्मशाला में 4.2, जुब्बड़हट्टी में 4.5, बिलासपुर में 5.5, हमीरपुर में 6, ऊना में 6.4, नाहन में 7.8 और पांवटा साहिब में 8.8 डिग्री दर्ज किया गया।

19 जनवरी को समूचे प्रदेश में खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में मौसम के साफ  रहने का अनुमान है। उसके बाद मौसम करवट लेगा और 17 व 18 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के उच्च पर्वतीय व मध्यपर्वतीय इलाकों में बारिश व हिमपात होने के आसार हैं। 19 जनवरी को समूचे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान मैदानों में बारिश व पर्वतीय भागों में हिमपात होने की सम्भावना है।

7 दिन बाद भी प्रदेश में 172 सड़कें बंद

बारिश व बर्फबारी के कारण बंद हुईं कई सड़कें अभी तक नहीं खुल पाई हैं। करीब 7 दिन बाद भी प्रदेश में 172 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें 5 सड़कें चम्बा, 15 कुल्लू, 129 लाहौल-स्पीति, 14 मंडी व 9 सड़कें शिमला में बंद हैं, वहीं प्रदेश में अभी तक 42 ट्रांसफार्मर भी बंद हैं। इनमें से 36 चम्बा, 1 लाहौल-स्पीति, 3 मंडी और 2 ट्रांसफार्मर शिमला के शामिल हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में बर्फबारी के कारण अब तक कुल 86 करोड़ रुपए के नुक्सान का आकलन किया गया है। सबसे ज्यादा नुक्सान लोक निर्माण विभाग को हुआ है। लोक निर्माण विभाग में 78 करोड़ रुपए के नुक्सान का आकलन है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News