Himachal: वृंदावन जा रही HRTC बस पर पंजाब में हमला, फेंके पत्थर, तोड़ डाले शीशे
punjabkesari.in Thursday, May 29, 2025 - 02:18 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने हाल ही में एक नई बस सेवा 'हिमधारा' शुरू की है। यह बस श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम से उत्तर प्रदेश के वृंदावन धाम तक चलती है। बुधवार को ही इस बस सेवा का शुभारंभ किया गया था, लेकिन पहले ही दिन इसे एक अप्रिय घटना का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, जब यह हिमधारा बस पंजाब के रोपड़ से गुजर रही थी, तभी तीन बाइक सवारों ने चलती बस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बस पर पत्थर फेंके, जिससे उसका सामने वाला शीशा टूट गया। गनीमत रही कि इस हमले में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। नगरोटा बगवां के आरएम राजेंद्र ने इस घटना की पुष्टि की है।
बताया गया है कि बस में पहले दिन कांगड़ा से कुल 10 श्रद्धालु वृंदावन के लिए रवाना हुए थे। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में पूजा-अर्चना के बाद नगरोटा बगवां से इस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह बस दोपहर 3:20 बजे चामुंडा से चली, नगरोटा बस अड्डे से शाम 3:50 बजे और कांगड़ा बस अड्डे पर 4:40 बजे पहुंची। इसके बाद चंडीगढ़ होते हुए बस वृंदावन के लिए रवाना हुई, लेकिन पंजाब में उस पर हमला हो गया।