भारी बारिश ने हिमाचल में मचाया उत्पात, इन जिलों में बंद रहेंगे स्कूल (PICS)

Monday, Aug 13, 2018 - 12:03 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में बारिश ने तबाही मचा दी है। रविवार देर रात से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। खास बात यह है कि भारी बारिश की वजह से कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। उनमें शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू व कांगड़ा शामिल हैं। 


बिलासपुर में बारिश से भारी तबाही
बिलासपुर में नैशनल हाइवे लैंडस्लाइड की वजह से बंद हो गया है। हमीरपुर-शिमला नेशनल हाईवे भी बंद है। साथ ही कुनाह पुल के क्षतिग्रस्त होने से दोनों तरफ वाहनों की लगी लंबी कतारें लग गई हैं। कई जगहों पर चल रहे योजनाओं में पानी भर गया है। बरठीं क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। ग्रामीण रोड बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में दूध और सब्जी की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है।


सोलन में तेज बारिश के चलते जिला प्रशासन का अलर्ट
सोलन में तेज बारिश के चलते जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। निजी स्कूलों और सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इसी के चलते राष्ट्रीय उच्च मार्ग 5 जगह-जगह बाधित है। साथ ही भस्खलन के कारण चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग बंद है। जाबली तक ट्रैफिक जाम हो गया है। चक्किमोड के पास भूस्खलन हुआ है। 


हमीरपुर में बारिश के चलते स्कूलों में अवकाश
हमीरपुर में भी भारी बारिश के कारण जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। सरकारी, गैर-सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। 


ज्वालामुखी में भूस्खलन 
ज्वालामुखी में रविवार देर से हो रही लगातार बारिश से मुख्य मंदिर मार्ग में भूस्खलन हो रहा है। जिसके चलते मंदिर प्रशासन ने मुख्य मंदिर मार्ग बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक बारिश होगी मुख्य मार्ग बंद रहेगा और बारिश बंद होने के बाद उस मार्ग का जायजा लिया जाएगा। उसके बाद श्रद्धालुओं के लिए रास्ता खोला जाएगा। डीएसपी ज्वालामुखी योगेश दत्त जोशी ने लैंड स्लाइडिंग मुख्य मार्ग का जायजा लिया।पुराने मंदिर मार्ग का रास्ता श्रद्धालुओं के लिए मंदिर जाने के लिए खोल दिया गया है। 

Ekta