हिमाचल बना पेपर लीक का गढ़, युवाओं के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़: अभिषेक राणा

Friday, May 06, 2022 - 06:31 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो) पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामले में हिमाचल आजकल सुर्खियों में है। इस पर तंज कसते हुए हिमाचल प्रदेश सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष व प्रवक्ता अभिषेक राणा ने कहा कि यूपी और बिहार की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश भी अब पेपर लीक का गढ़ बनता जा रहा है जहां सरकार भ्रष्टाचारियों को पकड़ने की बजाय पेपर रद्द कर देती है, जिससे न केवल युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है बल्कि वर्षों की उनकी तैयारी पर पानी फेर दिया जाता है।

इसके चलते कांग्रेस के आरोप जो प्रदेश सरकार पर लगे हैं वह शत-प्रतिशत सही हो जाते हैं क्योंकि परीक्षा से 25 मिनट पहले प्रोफेसर द्वारा पेपर लीक किया गया और प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार पर कोई लगाम नहीं जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस भर्ती में भी यही सब देखने को मिला। यह न केवल विद्यार्थियों के साथ धोखा है बल्कि एक परीक्षा की व्यवस्था करने में ही जनता का करोड़ों रुपया खर्च हो जाता है तो प्रदेश सरकार द्वारा परीक्षा रद्द होने पर उस जनता की खून पसीने की कमाई पर भी पानी फेर दिया जाता है।

अभिषेक राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने चहेतों को नौकरी देने के चक्कर में प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य खराब कर रही है। हिमाचल प्रदेश में वैसे ही रोजगार की कमी है युवा दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं और जो थोड़ा बहुत रोजगार बचता है उस पर  सरकार के ही लोग भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाते हैं।

Content Writer

Kaku Chauhan