हिमाचल सरकार ने 12.50 लाख उपभोक्ताओं को दी यह राहत, पढ़ें खबर

Monday, Jul 17, 2017 - 12:09 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं को सरकार ने आटे का कोटा बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिससे प्रदेश के 12.50 लाख उपभोक्ताओं को मामूली राहत मिली है। प्रदेश के सभी ए.पी.एल. परिवारों को अगले महीने 10 किलो आटा प्रति परिवार दिया जाएगा। केंद्र सरकार ने अगस्त महीने के लिए 16,984 मीट्रिक टन गेहंू का आबंटन कर दिया है, जिसमें बी.पी.एल. परिवारों को एन.एफ.एस.ए. से अतिरिक्त मात्रा में दिया जाने वाला कोटा भी शामिल है। इसके अतिरिक्त सरकार ने सभी जिला नियंत्रकों को निर्धारित मात्रा के तहत परमिट काटने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही ए.पी.एल. व बी.पी.एल. परिवारों के लिए 8,492 मीट्रिक टन चावल के कोटे का आबंटन किया गया है। इसके आधार पर गरीबी रेखा से ऊपर रहने वाले उपभोक्ताओं को प्रति परिवार 6 किलो चावल देने का फैसला लिया गया है। 

घट सकते हैं दालों के दाम 
उपभोक्ताओं को बढ़ी हुई मात्रा में आटा मिलने के साथ डिपुओं में अगस्त महीने से और सस्ते रेट पर दालें भी मिल सकती हैं। प्रदेश में 1 जुलाई से जी.एस.टी. लागू होने के बाद सरकार ने दालों पर लगने वाला 6 फीसदी वैट वसूलना बंद कर दिया है। जी.एस.टी. से अब दालों पर 1 फीसदी मार्कीट फीस के अलावा कोई भी टैक्स नहीं लगेगा। इससे दालों के भाव में 2 से 5 रुपए प्रतिकिलो की गिरावट दर्ज की गई है, ऐसे में सरकार भी डिपुओं में दालों के रेट कम करने पर विचार कर रही है। डिपुओं में दालों के रेट कितने कम किए जा सकते हैं इस संबंध में विभागीय प्रक्रिया जारी है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तरुण कपूर के मुताबिक इस बारे में जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।