चुनावी साल में हिमाचल को केंद्र से एक और NH की सौगात, पढ़ें खबर

Wednesday, Sep 06, 2017 - 06:59 PM (IST)

शिमला: केंद्र ने चुनावी साल में प्रदेश के लिए 1 और राष्ट्रीय राजमार्ग का ऐलान किया है। मोदी सरकार ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सिरमौर जिला की ल्वासा चौकी से पिंजौर सड़क को सैद्धांतिक तौर पर एन.एच. बनाने की मंजूरी दे दी है। अब इसकी फाइनल अप्रूवल मिलने का इंतजार है। इसकी पुष्टि एन.एच. के चीफ इंजीनियर बी.के. शर्मा ने की है। सूचना के मुताबिक ल्वासा चौकी से पिंजौर तक 40 किलोमीटर लंबी सड़क हिमाचल में पड़ती है जबकि 15 किलोमीटर लंबी सड़क हरियाणा में पड़ती है। अब इस सड़़क की फाइनल अधिसूचना का इंतजार हो रहा है। केंद्र द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद इस सड़क की डी.पी.आर. बनाने को कंसल्टैंट तैनात करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

68 नए राष्ट्रीय राजमार्ग का ऐलान कर चुकी है मोदी सरकार 
इससे पहले मोदी सरकार हिमाचल के लिए 68 नए राष्ट्रीय राजमार्ग का ऐलान कर चुकी है। वर्ष 2015 में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल प्रदेश को एक साथ 61 एन.एच. देने की घोषणा की थी। इसके बाद वर्ष 2016 व 2017 में 7 नए एन.एच. हिमाचल को दिए गए। हाल ही में केंद्र ने हरियाणा से लगती सीमा को जोडऩे वाली ल्वासा चौक-पिंजौर सड़क को भी एन.एच. बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। प्रदेश में इन दिनों केंद्र द्वारा दिए गए कुछ एन.एच. की डी.पी.आर. बनाने और कुछ के लिए कंसल्टैंट तैनात करने की प्रोसैस चल रही है। इन सड़कों को लेकर प्रदेश में सियासत भी जमकर हुई है। 

भाजपा लगाती रही है प्रदेश सरकार पर आरोप 
भाजपा प्रदेश सरकार को इन सड़कों की डी.पी.आर. न बना पाने के आरोपों को लेकर घेरती रही है। वहीं कांग्रेस की मानें तो एन.एच. की डी.पी.आर. बनाने को कंसल्टैंट तैनात करने की पेचीदा शर्तों के कारण लोग डी.पी.आर. बनाने को आगे नहीं आ रहे हैं। कुछ एन.एच. के लिए बार-बार निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं लेकिन डी.पी.आर. बनाने में कोई रुचि नहीं ले रहा। देश में मोदी सरकार बनने से पहले हिमाचल में 17 एन.एच. थे। कुछ समय पहले केंद्र ने 1 अन्य सड़क को एन.एच. अधिसूचित कर लिया है। इस तरह प्रदेश में एन.एच. की संख्या 18 हो गई है।