हिमाचल से राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के पहले मैच कमीश्नर बने तपिश, पढ़ें कैसे हासिल किया मुकाम

Thursday, Jul 27, 2017 - 05:21 PM (IST)

कांगड़ा: हिमाचल के तपिश थापा अखिल भारतीय फुटबाल फेडरेशन में पहले मैच कमीश्नर बने हैं। तपिश ने मैच कमीश्नर की राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता पास कर यह पद हासिल किया है। मुंबई व कोलकाता में हुई परीक्षा एवं प्रशिक्षण में तपिश थापा ने ऑल इंडिया स्तर पर शीर्ष 24 में स्थान बनाया है। अब वह देश भर में फेडरेशन की प्रतियोगिताओं में प्रबंधन करते नजर आएंगे। इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पूरे देश से फुटबाल की बारीकियों का ज्ञान रखने वाले लोगों का चयन प्रारंभिक तौर पर राज्य स्तर पर किया गया।


दूसरे चरण में जुलाई महीने में मुंबई और कोलकाता में पूरे देश से चयनित 50 लोगों का 3 दिन तक परीक्षण किया गया। इसके बाद मौखिक और लिखित परीक्षा में पूरे देश से 24 लोगों का चयन किया गया है। इसमें हिमाचल से तपिश थापा का भी नाम था। तपिश धर्मशाला के दाड़ी के निवासी हैं। वर्तमान में वे बतौर शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षक मंच के प्रदेश संयोजक भी हैं। इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पास करने पर राष्ट्रीय शिक्षक मंच के संयोजक अश्वनी भट्ट, हिमाचल प्रदेश कर्मचारी परिसंघ के महासचिव संजय मोगू, हिमाचल प्रदेश फुटबाल संघ के अध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला फुटबाल संघ कांगड़ा के महासचिव विजय शमशेर भंडारी ने तपिश थापा को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।