हिमाचल में धूमधाम से मनाया गया ईद-उल-अजहा का जश्न, अमन शांति की मांगी दुआएं

Wednesday, Aug 22, 2018 - 03:06 PM (IST)

शिमला: यूं तो आज पूरे देश में ईद मनाई जा रही है। यह एक इस्लामिक धर्म का बहुत ही खास त्योहार होता है जो कि पूरे साल में दो बार मनाया जाता है। एक ईद-उल-फितर और ईद-उल-अजहा। इस दिन लोग एक दूसरे को मिठाइयां बांटते हैं और एक दूसरे के गले लगते हैं और ईद मुबारक कहते हैं। हिमाचल प्रदेश में यह त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने ईद की नमाज अदा की और देश-प्रदेश के लिए अमन शांति की दुआएं मांगी। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिल कर ईद की बधाई दी। 


शिमला शहर में ईदगाह, जमा मस्जिद सहित छोटा शिमला, कुतुब मस्जिद संजौली में हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। खास कर केरल में हुई तबाही को लेकर भी दुआएं मांगी। जामा मस्जिद के इमाम कारी मुहम्मद इस्लाम ने कहा कि जिस तरह से केरल में बाढ़ आई है, वहां लोग परेशानी में हैं। मौलाना ने सभी से केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद का आह्वान भी किया। उधर इस मौके पर मुस्लिम समुदाय ने प्रदेश वासियों को ईद की बधाई दी। 

चंबा 
चंबा के सलूणी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला धनावल गांव में ईद का त्यौहार मनाया गया। ईद-उल-फितर की नमाज पढ़ने के लिए दूर-दराज से लोग गांव में इकट्ठा हुए। उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाया और मुबारक कहा। यह त्यौहार किसी इस्लाम धर्म का ही नहीं है परंतु ईद-उल-फितर और ईद उल अजहा को हर कोई इंसान मनाता है। यह रमजान के 30 रोजे खत्म होने के बाद मनाया जाता है। यह लोगों को एक-दूसरे से मिल जुलकर जीना सिखाता है और किसी से लड़ाई झगड़ा ना करें, किसी के खिलाफ कुछ गलत ना सोचे यह सिखाता है। फिलहाल इस्लाम धर्म के लोगों में बहुत ज्यादा खुशी है कि वह आज ईद मना रहे हैं और यह ईद एक हफ्ते तक मनाते रहेंगे। 


सोलन 
देश की तरह सोलन जिला में भी ईद का पर्व मनाया गया। राष्ट्रीय शौक के चलते मस्जिद में किसी भी तरह की सजावट वगैरा नहीं की। मुस्लिम भाइयों ने भी राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए केवल धार्मिक रीती को निभाते हुए नवाज अदा की। आज सुबह से ही सोलन की जामा मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और सभी ने मिलकर नमाज अदा की। जिला में स्थित जामा मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद पर गले मिलकर एक दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर बाजार में भी खासी रौनक देखने को मिली।

Ekta