बाल कटवाने निकला था 29 वर्षीय भेड़ पालक...अचानक हो गया लापता; अब 3 दिन बाद इस हालत में मिला शव
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 06:04 PM (IST)
Himachal News : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला अंतर्गत मालोवालां क्षेत्र में रविवार को एक 29 वर्षीय भेड़ पालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब से बरामद हुआ। मृतक की पहचान जय किशोर, निवासी गांव धारा (तहसील रोहड़ू, शिमला) के रूप में हुई है। जय किशोर पिछले तीन दिनों से लापता था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
बाल कटवाने गया था, फिर मोबाइल हुआ बंद
पुलिस को दी गई शिकायत में मोहन सिंह पुत्र करम चंद, निवासी गांव खरशाली लडोत (तहसील चडगांव, जिला शिमला) ने बताया कि जय किशोर पिछले 12 वर्षों से किन्नौर के एक मालिक के पास भेड़-बकरियां चराने का काम कर रहा था। हर साल की तरह वह इस बार भी भेड़ों के रेवड़ के साथ जंगलों के रास्ते होते हुए सिरमौर पहुंचा था। वह और जय ढाकवाली क्षेत्र में डेरा डाले हुए थे। शिकायत में बताया गया कि 19 मार्च की शाम जय पास बाल कटवाने गया था। रात 10 बजे तक परिजनों से उसकी बात हुई, लेकिन उसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और वह रहस्यमयी ढंग से गायब हो गया।
तीन दिन की तलाश और दुखद अंत
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस की कई टीमें जय किशोर की तलाश में जुटी थीं। आखिरकार 22 मार्च को मालोवालां के पास एक तालाब में उसका शव पानी में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। डीएसपी मुख्यालय सिरमौर रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पानी में डूबने का लग रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

