हिमाचल BJP के अध्यक्ष बन सकते हैं नड्डा!

Tuesday, Jan 17, 2017 - 10:42 AM (IST)

शिमला: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हिमाचल प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष बन सकते हैं। उनको यह पद केंद्र में मंत्री पद पर रहते हुए सौंपा जा सकता है। सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान इस बारे जल्द कोई निर्णय ले सकती है। उनको अध्यक्ष पद की कमान आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर दी जा सकती है। यदि पार्टी हाईकमान यह निर्णय लेता है तो मुख्यमंत्री पद को लेकर नड्डा की दावेदारी को और अधिक सशक्त माना जाएगा। उल्लेखनीय है कि 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ भाजपा हाईकमान हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को भी गंभीरता से ले रहा है। नड्डा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का करीबी भी माना जाता है, ऐसे में उनको केंद्र में मंत्री रहते हुए हिमाचल की कमान सौंपी जा सकती है। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की हिमाचल प्रदेश में सक्रियता किसी से छिपी नहीं है। राज्यों को राष्ट्रीय उच्च मार्गों की घोषणा करनी हो या फिर कोई अन्य महत्वपूर्ण कार्य तो इन सब में नड्डा शिरकत करते रहे हैं। इसी तरह संगठन में जो लोग कल तक उनसे दूरी बनाए हुए थे, अब साथ चलने लगे हैं। संगठन की बैठकों में उनकी उपस्थिति लगातार बनी हुई है। 


75 का फार्मूला भी आ रहा आड़े
हिमाचल प्रदेश में भाजपा के 2 मुख्यमंत्री रहते हैं। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद शांता कुमार भी प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनकी आयु 80 के पार पहुंच चुकी है। उनके केंद्रीय मंत्री बनने में भी 75 साल का फार्मूला आड़े आया। उनके बाद हिमाचल प्रदेश में प्रेम कुमार धूमल प्रदेश के मुख्यमंत्री का पद सफलतापूर्वक संभाल चुके हैं। विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं और उस समय उनकी आयु 75 वर्ष के बहुत करीब पहुंच जाएगी। ऐसे में यदि भाजपा अपने फार्मूले का अनुसरण करती है तो पार्टी के राज्य की सत्ता में आने पर धूमल के फिर से मुख्यमंत्री बनने पर 75 वर्ष के होने पर पद छोडऩा पड़ सकता है या फिर पार्टी पहले से ही किसी दूसरे नेता को तैयार कर सकती है, जिसके लिए जगत प्रकाश नड्डा तैयार बैठे हैं।