ये खबर हर हिमाचली के लिए जरूरी है, पढ़कर होगा सीना चौड़ा

Friday, Oct 28, 2016 - 01:34 PM (IST)

शिमला (विकास शर्मा) : हिमाचल प्रदेश के सीने पर एक और तमगा लग गया है। सिक्किम के बाद देवभूमि हिमाचल प्रदेश को खुले में शौच मुक्त घोषित कर दिया गया। शिमला में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने इस उपलब्धि की घोषणा की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा और सभी 12 जिलों के उपायुक्त मौजूद हैं। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने हिमाचल की 3226 पंचायतों को खुला शौचमुक्त यानी ओडीएफ यानी ओपन डिफेकेशन फ्री घोषित कर दिया है।

ओडीएफ बनने वाला हिमाचल प्रदेश देश में दूसरा राज्य है। इससे पहले सिक्किम को साल 2005 में खुले में शौच मुक्त घोषित किया जा चुका है। हिमाचल प्रदेश के छह जिलों को 2 अक्टूबर के दिन पहले भी खुले में शौच मुक्त घोषित किया जा चुका था। 28 सितंबर से खुला शौच मुक्त और सुरक्षित पेयजल अभियान शुरू किया गया था। इसके बाद 10 से 20 अक्टूबर के बीच इस अभियान की वेरीफिकेशन की गई।

वेरीफिकेशन के लिए ब्लॉक स्तर पर टीमों का गठन किया गया था। इसमें सरकारी अधिकारियों सहित एनजीओ व अन्य संबंधित संस्थाओं को शामिल किया गया था। हिमाचल प्रदेश में कुल 14,83,562 घरों में शौचालय हैं। बड़े राज्यों के हिसाब से बात की जाए तो हिमाचल ने केरल को भी पछाड़ दिया है। केरल के एक नवंबर को ओडीएफ घोषित किया जाएगा।