देश की रक्षा करते हिमाचल के 2 सपूतों ने पिया शहादत का जाम

Wednesday, Jul 19, 2017 - 10:19 PM (IST)

सोलन/नादौन: हिमाचल प्रदेश के 2 और सपूत देश सेवा में शहीद हो गए हैं। 14 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र सुबाथू के राइफलमैन विमल सिंजाली ने जम्मू-कश्मीर के नौगाम सैक्टर में 4/1 जी.आर. के पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब देते हुए शहादत पाई है। बुधवार को शहीद का पार्थिव शरीर हैलीकॉप्टर के माध्यम से सुबाथू पहुंचा। शहीद के परिजनों के सुबाथू पहुंचने पर उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद के परिवार के सदस्य नेपाल से भारत आ रहे हैं। उनके यहां पहुंचने पर पूरे सैन्य व राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया जाएगा।



गलोल के शशि शर्मा पाक फायरिंग में शहीद
उधर, नादौन उपमंडल के गलोल गांव के सूबेदार शशि शर्मा पुत्र पृथ्वी चंद भी पाक फायरिंग में शहीद हो गए। शशि शर्मा की शहादत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 45 वर्षीय शहीद शशि शर्मा की 2 लड़कियां व एक लड़का है। सेवानिवृत्त इंस्पैक्टर बी.डी. शर्मा ने बताया कि शशि शर्मा 19 पंजाब राइफल के सूबेदार थे तथा उधमपुर के अस्पताल में घायल होने के बाद उनका इलाज चल रहा था, जिस दौरान उनकी मौत हो गई। शहीद का पार्थिव शरीर बुधवार रात को पहुंचने की संभावना है।