हिम श्रीखंड महादेव यात्रा प्रशासनिक तौर पर शुरू, विधायक ने रवाना किया पहला जत्था

Sunday, Jul 15, 2018 - 06:01 PM (IST)

आनी: प्रदेश की प्रसिद्ध धार्मिक श्रीखंड महादेव यात्रा जिला प्रशासन कुल्लू द्वारा 15 जुलाई से शुरू कर दी गई है जोकि 31 जुलाई तक चलेगी। श्रीखंड महादेव यात्रा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एस.डी.एम. चेत सिंह ने बताया कि श्रीखंड यात्रा के बेस कैम्प सिंहगाड में रविवार को विधिवत भगवान शिव की पूजा-आराधना के साथ श्रीखंड महादेव यात्रा शुरू की गई। श्रीखंड महादेव यात्रा का विधिवत शुभारंभ स्थानीय विधायक किशोरी लाल सागर ने किया। देशभर के 390 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना किया गया।


1980 में शुरू हुई थी श्रीखंड महादेव यात्रा
विधायक ने देशभर से आए श्रीखंड महादेव यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीखंड महादेव यात्रा 1980 में शुरू हुई थी। भारत देश के साधु, संत, महात्मा एवं कुछ सहयोगी व यात्री बिना सुविधा के ही यह यात्रा पूरी करते थे। इसमें सरकार की ओर से कोई प्रबंध या सुरक्षा नहीं होती थी। 24 सालों से इस यात्रा में देशभर के शिव भक्तों की संख्या में हर साल बढ़ौतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस यात्रा के विकास के लिए बजट का प्रावधान करेगी जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा और जिला प्रशासन कुल्लू द्वारा श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए सिंहगाड में मैडीकल चैकअप, पंजीकरण, सहायता व सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं।


श्रीखंड महादेव यात्रा मार्गदर्शिका स्मारिका का विमोचन
विधायक ने इस दौरान श्रीखंड महादेव यात्रा मार्गदर्शिका स्मारिका का भी विमोचन किया। इस स्मारिका में श्रीखंड महादेव यात्रा के सिंहगाड, बराठीनाला, थाचडु, कालीघाटी, भीमतलाई, कुनशा, भीमडवारी, पार्वतीबाग, नैन सरोवर व भीम सहित श्रीखंड महादेव दर्शन का पूरा इतिहास एवं चित्र प्रकाशित किए गए हैं। श्रीखंड महादेव यात्रा में हर पड़ाव पर चिकित्सकों की टीम, रैस्क्यू टीम, हिमाचल पुलिस जवान व होमगार्ड सहित स्थानीय सेवा मंडल संगठन सेवा में कार्यरत हैं।


ये रहे मौके पर मौजूद
इस अवसर पर स्थानीय विधायक किशोरी लाल सागर, एस.डी.एम. चेत सिंह, तहसीलदार नीरजा शर्मा, डी.एस.पी. रोहित मृगपुरी, नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार, श्रीखंड सेवा मंडल के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद शर्मा, संदेव ठाकुर, राहुल सूद, एल.आर. ठाकुर, नरोत्तम ठाकुर, लीला चंद, संतोष बंसल, चवित्र ठाकुर, चूड़ा राम, राजू ठाकुर और दिनेश कुमार सहित श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट के सदस्य व देशभर के सैंकड़ो यात्री मौजूद थे।

Vijay