हिमाचल में फिर दरकी पहाड़ी, शिमला सोलन एनएच 5 मार्ग बाधित

Tuesday, Aug 10, 2021 - 12:10 PM (IST)

सोलन : हिमाचल प्रदेश में इस बार आया मानसून कई परेशानियों को लेकर आया है। मानसून में होने वाली बारिश के कारण कई जगह पर बाढ़ जैसे हालत हो रहे हैं तो कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। ताजा मामला शिमला सोलन मार्ग का का हैं। आज सुबह शिमला- सोलन एनएच-5 पर भूस्खलन के कारण एक बार फिर यातायात के लिए बाधित हो गया। वाकनाघाट से सोलन की तरफ जाते हुए क्यारीबंगला के पास पहाड़ी दरक गई और यहां पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। एक जेसीबी भी मलबे की चपेट में आई है। मार्ग बहाल करने के लिए मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। 

शिमला- सोलन एनएच-5 पर क्यारीबंगला के पास आज सुबह करीब 8ः20 बजे पहाड़ी दरकनी शुरू हो गई थी। इसके बाद जिस कारण मलबे की चपेट में सड़क पर खड़ी जेसीबी मशीन भी आ गई है। यहां पर एनएच को खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया और करीब आधे घंटे में ही यातायात सुचारू कर दिया गया। लेकिन अभी भी रुक रुक कर भूस्खलन का सिलसिला जारी है। ऐसे में यहां से गुजर रहे वाहन चालक भी सहमे हुए हैं। इससे पहले भी एनएच-5 पर कई बार पहाड़ी दरकने के मामले सामने आ चुके हैं। परवाणू से शिमला तक चले फोरलेन कार्य में बरसात के दिनों में पहाड़ी दरकने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हालांकि, प्रशासन द्वारा सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बरसात के दिनों में पहाड़ी अगर दरकती है तो उसे तुरंत खोला जाएं।
 

Content Writer

prashant sharma