ठंड के लिए रहें तैयार, हिमाचल में बर्फबारी व बारिश की संभावना

Saturday, Dec 10, 2016 - 09:29 AM (IST)

शिमला: प्रदेश में शुक्रवार से ही मौसम के करवट बदलने की संभावना बन रही है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार से आसमान में बादल छाएंगे। इससे प्रदेश की ऊंची पर्वत श्रृखंलाओं में हल्की बर्फबारी व बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में बीते काफी समय से मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ था दिन में चटक धूप खिल रही है। इससे तापमान में बढ़ौतरी दर्ज की जा रही है।

 शिमला व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तो कई जगह न्यूनतम तापमान मैदानी इलाकों से भी बढ़ गया है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय काफी कोहरा भी छाया रहा। दोपहर बाद कुछेक क्षेत्रों में आसमान हल्के बादल छाने लगे। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि शनिवार से प्रदेश में मौसम के करवट बदलने की संभावना है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फ बारी व कुछ एक क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना बनी है।

राजधानी शिमला व इसके आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को दोपहर बाद हल्के बादल छाए लेकिन उसके बावजूद न्यूनतम तापमान में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के मुकाबले में बढ़ौतरी दर्ज की गई। बीते काफी समय से शिमला व आसपास के क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ था। दिन में चटक धूप खिल रही थी लेकिन शुक्रवार को सुबह से ही धूप के साथ हल्की धुंध छाई रही। मैदानी इलाकों की तुलना में बुधवार को शिमला का न्यूनतम तापमान भी अधिक मापा गया। देश के उत्तरी राज्यों में जहां आजकल सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है जिससे न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 10 दिसम्बर से मौसम करवट बदल सकता है जिसमें ऊंचाई वाले क्षेत्रों मेंं कहीं-कहीं हल्की बर्फबारी व बारिश दर्ज होने की संभावना है।