हाईटैक चोरी : मोबाइल शोरूम से 5 मिनट में उड़ाया 40 लाख का सामान

Wednesday, Aug 02, 2017 - 11:50 PM (IST)

मनाली: पर्यटन नगरी मनाली में हाईटैक चोरी की वारदात से सबके होश उड़ गए हैं। सियाली महादेव मनाली के मोबाइल शोरूम शिवांगी एंटरप्राइजिज में चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया। शातिर शोरूम से 40 लाख रुपए का सामान उड़ा ले गए। शिवांगी एंटरप्राइजिज के संचालक संजीव कुमार ने पुलिस के पास घटना को लेकर शिकायत की है।पुलिस ने वारदात को लेकर शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। वारदात को अंजाम देते हुए शातिर सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है। इस वारदात से कारोबारी सहमे हुए हैं। वहीं लोगों को भी अपनी संपत्ति की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। 

सी.सी.टी.वी. में कैद हुए 2 युवक
शिकायतकर्ता संजीव कुमार ने पुलिस को बताया कि हर दिन की तरह वह मंगलवार शाम को भी शोरूम बंद करके घर चला गया। सुबह होटल के कर्मियों ने फ ोन पर बताया कि दुकान का शटर खुला हुआ है। दुकान में आकर देखा तो चोरों ने दुकान को खाली कर दिया था। 5 मिनट के भीतर 40 लाख रुपए का सामान चोरी कर शातिर नौ दो ग्यारह हो गए थे। उन्होंने कहा कि सी.सी.टी.वी. में 2 युवक सामान थैले में भरते हुए देखे गए हैं। ये युवक मोबाइल खरीदने के बहाने दिन के समय भी शोरूम में आए थे। सी.सी.टी.वी. फुटेज से इसका पता चला है। दिन के समय जब शातिर शॉपिंग के बहाने आए थे तो उन्होंने कई हैंडसैट देखे लेकिन खरीदे नहीं। पुलिस ने फुटेज लेकर इस पर छानबीन शुरू कर दी है। पंजाब और हरियाणा पुलिस को भी ये फुटेज भेजी गई हैं। संजीव ने पुलिस से आग्रह किया कि चोरों को शीघ्र सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। 

क्या कहते हैं डी.एस.पी. मनाली
डी.एस.पी. मनाली पुनीत रघु ने कहा कि चोर गिरोह ने हाईटैक और योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि सियाली महादेव मार्कीट के शिवांगी एंटरप्राइजिज के संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि चोर गिरोह का जल्द पर्दाफाश होगा। वारदात में कई साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे हंै जिनके दम पर पुलिस शातिरों को धरेगी। मनाली थाना प्रभारी के.डी. शर्मा के नेतृत्व में सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर पुलिस जांच में जुट गई है। उन्होंने दावा किया कि शीघ्र ही यह चोर गिरोह पुलिस के शिकंजे में होगा।