हाईटैक हुई भाजपा, प्रत्येक कार्यालय में पहुंची कमल ज्योति दीपकों की खेप

Friday, Feb 22, 2019 - 10:35 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): चुनावों के ऐलान से पहले ही भाजपा प्रचार में काफी आगे निकलती हुई दिखाई दे रही है जबकि प्रतिद्वंदी पार्टी कांग्रेस अभी पशोपेश में ही है। भाजपा एक के बाद एक कार्यक्रम का ऐलान करते हुए पूरी ताकत प्रचार अभियान में झोंक चुकी है तो कांग्रेस के बीच सामंजस्य से लेकर रणनीति तक की कमी साफ दिखाई दे रही है। भाजपाइयों ने अपने बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए पन्ना प्रमुख सम्मेलनों का भी आयोजन कर दिया है जबकि कांग्रेस जमीनी स्तर पर रैलियां करने की रणनीति भी नहीं बना पाई है। हालांकि दोनों पार्टियों ने अपने-अपने प्रत्याशी तो घोषित नहीं किए हैं लेकिन बावजूद इसके भाजपा ने प्रचार की रणनीति न केवल तैयार कर ली है बल्कि उसे जमीनी स्तर पर अमलीजामा पहनाने के लिए कदमताल भी शुरू कर दी है।

26 फरवरी से अब हर घर में दीपक जलाएगी भाजपा

भाजपा ने किस तरीके से प्रचार अभियान आरंभ कर रखा है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पन्ना प्रमुख सम्मेलनों के अतिरिक्त पार्टी ने प्रत्येक कार्यकर्ता के घर पर पार्टी का झंडा फहराने के बाद 26 फरवरी से अब हर घर में दीपक जलाने का फैसला लिया है। बड़ी बात यह है कि प्रत्येक घर में भाजपा कमल ज्योति के हाईटैक दीपक पहले ही होल सेल में पार्टी के पास पहुंच चुके हैं। पार्टी के चिन्ह बने हुए दीपक प्रत्येक बूथ पर पहुंचाए जा रहे हैं। पार्टी ने हाइटैक तरीके से अपना प्रचार अभियान शुरू कर रखा है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का कहना है कि पार्टी ने चुनावों के लिए अपनी तैयारी काफी पहले से ही आरंभ कर दी है। पन्ना प्रमुख सम्मेलन के साथ-साथ 26 फरवरी को कमल ज्योति दीप भी जलाए जाएंगे। 

क्या बोले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। भाजपा के पास धन-बल है जबकि कांग्रेस पार्टी के पास जन-बल है। कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष जी.एस. बाली ने पूरा रोडमैप तैयार कर दिया है। कांग्रेस किसी भी स्तर पर पीछे नहीं है।

Vijay