‘‘हाईकमान बिठाए न बिठाए पर जनता CM को जरूर घर बिठाएगी’’

Monday, Aug 28, 2017 - 12:12 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विधानसभा चुनाव से पहले ही हथियार डाल दिए हैं। प्रदेश में भाजपा की लहर को देखते उन्होंने चुनाव न लडऩे की बात कही है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने यह बात यहां जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस हाईकमान उन्हें घर बिठाए न बिठाए लेकिन प्रदेश की जनता 3 महीने बाद उन्हें और कांग्रेस पार्टी के अन्य नेताओं को घर जरूर बिठा देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के चल रही गुटबाजी का आलम यह है कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मुख्यमंत्री की बात नहीं मानता और मुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष की बात सुनने को तैयार नहीं। ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री ने आखिरी दांव खेलकर अपने हाईकमान पर दबाव बनाने के लिए घर बैठने का ऐलान किया है और प्रदेश अध्यक्ष को हटाने के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता को अब बस विधानसभा चुनाव और उनके परिणाम आने का इंतजार है। उन्होंने कहा है कि आगामी चुनावों में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मुक्त हो जाएगा।

दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाएगी कांग्रेस
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस पार्टी की अंतर्कलह और मुख्यमंत्री द्वारा अपनी कुर्सी बचाने की दृष्टि से जो कार्य किए जा रहे हैं, वह हिमाचल के विकास को बट्टा लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार हिमाचल में कांग्रेस पार्टी की ऐसी हार होगी जिसके बारे में कांग्रेस नेता सपने में भी नहीं सोच सकते। इस बार कांग्रेस पार्टी दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाएगी और कांग्रेस पार्टी को सीटें ढूंढने में भी कठिनाई सामने आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून और व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है और प्रशासन में प्रदेश सरकार की पकड़ शून्य पर पहुंच चुकी है, जिसके कारण प्रदेश एक अराजकता दौर से गुजर रहा है।